JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

Jharkhand: चार विभाग के सचिव और दो विभाग के मंत्री के पद खाली, अटके विभागीय काम, सैलेरी पर भी आफत

Ranchi: झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग एवं उत्पाद मद्य निषेध विभाग के मंत्री एवं मंत्रिपरिषद के सदस्य जगरनाथ महतो के असामयिक निधन दोनों विभाग में मंत्री पद रिक्त हो गया है. झारखंड मंत्रिपरिषद में भी एक मंत्री की कमी हो गयी है. मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग ने दोनों विभाग के मंत्री पद रिक्त रहने संबंधी अधिसूचना भी जारी कर दी है. सभी विभागों को सूचित किया गया है. हालांकि, राज्य सरकार ने अभी तक नये मंत्री की घोषणा नहीं की है. ऐसे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही इन विभागों के मंत्री होंगे. दोनों विभागों की महत्वपूर्ण फाइलों का निपटारा विभागीय सचिव के माध्यम से होते हुए राज्य के मुख्यमंत्री के पास बतौर विभागीय मंत्री के रूप में भेजा जायेगा. बता दें कि, जगरनाथ महतो के निधन के बाद अब कैबिनेट में 10 मंत्री ही रह गये हैं. हालांकि, 12 मंत्रियों का मंत्रीमंडल निर्धारित है. इनमें एक मंत्री का पद पहले से ही रिक्त था, किसी की नियुक्ति नहीं हुई थी.

 

भू-राजस्व, खाद्य आपूर्ति सहित चार विभागों में सचिव नहीं, सिर्फ रूटीन कार्य हो रहा

इधर, झारखंड में विगत कई दिनों से चार महत्वपूर्ण विभागों में सचिव का पद खाली हैं. भू-राजस्व एवं निबंधन विभाग, वाणिज्यकर विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव का पद खाली है. इनमें तीन विभागों के सचिव केके.सोन, आराधना पटनायक व हिमानी पांडेय केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले गये हैं,ऐसे में ये विभाग सचिव विहिन हो गये हैं. वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव का भी पद एक माह से अधिक से रिक्त है. सरकार के द्वारा अभी तक इन पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति नहीं की गयी है. इधर, सचिवों के नहीं रहने से विभागों का कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है. विभाग के कनीय स्तर के पदाधिकारी व कर्मचारी सचिवालय जरूर आ रहे हैं, लेकिन सचिव के नहीं रहने पर नीतिगत विषयों पर निर्णय नहीं हो पा रहा है. इन विभागों में रूटीन कार्य ही सिर्फ हो रहे हैं. हालांकि, सूत्रों के अनुसार सचिवों के नहीं रहने पर कई कर्मचारियों को वेतन-मानदेय का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है. अधिकारिक सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह ही अब नये अधिकारियों की पोस्टिंग हो पायेगी.

Related Articles

Back to top button