Education & CareerJharkhandRanchi

ऑनलाइन एजुकेशन कराने वाले सरकारी स्कूल के शिक्षकों को मिलेगा सम्मान,विभाग कर रहा है तैयारी

Ranchi : कोरोना ने शैक्षणिक गतिविधियों को पूरी तरह से प्रभावित किया है. इस साल स्कूलों का दूसरा सत्र है जब क्लासरूम पढ़ाई की जगह ऑनलाइन एजुकेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है. समय की जरूरत को देखते हुए झारखंड के शिक्षा विभाग ने कई तैयारियां की हैं.

बिना रूकावट बच्चों की पढ़ाई हो सके, इसके लिए विभाग स्तर से स्कूल स्तर तक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है. जहां नियमित रूप से एकेडमिक मैटेरियल उपलब्ध कराए जा रहे हैं. बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलते रहे इसके लिए राज्य भर के शिक्षक प्रयास कर रहे हैं.

शिक्षक से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारी तक होंगे सम्मानित

शिक्षा विभाग ने निर्णय लिया है कि ऑनलाइन पढ़ाई के मद्देनजर बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया जायेगा. यह निर्णय बेहतरीन शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए शिक्षकों में उत्साह भरने के उद्देश्य लिया गया है.

इसे भी पढ़ें:पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के छोटे भाई की कोरोना से मौत

इसका लाभ शिक्षक, प्रखंड व जिला स्तर के पदाधिकारियों को मिलेगा. वहीं, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार करनेवाले शिक्षकों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है. शिक्षकों के चयन के लिए विषयवार व कक्षावार ऑनलाइन प्रतियोगिता करायी जायेगी एवं विजेता शिक्षक को सम्मानित किया जायेगा.

शिक्षकों को दी जायेगी ट्रेनिंग

विभाग द्वारा सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार करने वाले शिक्षकों की पहचान कर विषयवार शिक्षकों की सूची जेसीइआरटी को उपलब्ध करायें. इन शिक्षकों को जेसीइआरटी द्वारा प्रशिक्षण दिया जायेगा, ताकि वे और बेहतर डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार कर सकें. जेसीइआरटी द्वारा डिजिटल शैक्षिक सामग्री तैयार करने वाले शिक्षकों का ग्रुप तैयार किया जायेगा.

साप्ताहिक कैलेंडर जारी होगा

ऑनलाइन पढ़ाई को लेकर जेसीइआरटी कक्षावार साप्ताहिक कैलेंडर व शैक्षिक सामग्री उपलब्ध करायेगा. बच्चों के साप्ताहिक आकलन की भी व्यवस्था की जायेगी. बच्चों की निरंतर उपस्थिति एवं उपलब्धि के आधार पर उन्हें प्रोत्साहित भी किया जायेगा.

इसे भी पढ़ें:RIMS में अनट्रेंड ट्रॉली मैन की कर ली बहाली, अब दे रहे हैं ट्रेनिंग

Related Articles

Back to top button