
Giridih : शहर के झिंझरी मोहल्ला में दहेज की लालच में महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. विवाहिता को इतना पीटा गया कि विवाहिता ने गिरिडीह नगर थाना पहुंच कर अपनी जान बचायी.
आरोप है कि शादी के बाद से पति दीपक राय समेत ससुर, सास और देवर मायके से 10 लाख लाने का दबाव बना रहे थे. यही नहीं इस दौरान ससुराल वालों ने विवाहिता से चार साल के बच्चे को भी महिला से छीन लिया.
इसे भी पढ़ें :कोरोना की दूसरी लहर में बिहार में 48 बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया, बढ़ा मानव तस्करी का खतरा
पिटाई से जख्मी विवाहिता का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. जबकि पति और ससुराल वाले फरार हैं. अस्पताल में भर्ती विवाहिता पूजा कुमारी ने पति दीपक राय, ससुर रामदेव राय, सास चंचला देवी, देवर चन्द्रशेखर और ननद बेबी राय पर आरोप लगाते हुए कहा कि रविवार को पूजा जब अपने बेटे के साथ झिंझरी मोहल्ला स्थित घर पर थी. इसी दौरान पहले पति ने पूजा से घर बनाने के नाम पर 10 लाख लाने की मांग करते हुए थप्पड़ मारा. पूजा ने जब विरोध किया तो ससुर, सास, ननद और देवर भी उसकी पिटाई करने लगे.
ससुराल वालों द्वारा पिटाई का विरोध करने पर पति ने पूजा का गला दबा दिया. जिसके बाद वो किसी तरह धक्का देकर ससुराल से भागी और नगर थाना पहुंच गयी. हालांकि पति ने रास्ते में पत्नी का पीछा भी किया.
पीड़िता पूजा ने बताया कि उसका मायके मधुपुर के कल्हाजोर मोहल्ले में है. जबकि ससुराल देवघर के चितरा में है. लेकिन गिरिडीह शहर के झिंझरी मुहल्ला में भी उसके पति और ससुराल वाले घर बनाए हुए हैं.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पिछले जनवरी माह में भी उसके देवर चन्द्रशेखर ने अपनी पत्नी अराधना कुमारी के साथ दूध में फिनाइल मिलाकर जान से मारने की कोशिश की थी. लेकिन वह किसी तरह बचने में सफल रही. इधर अस्पताल में इलाज के क्रम में पीड़िता पूजा ने पुलिस से पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का मांग की है.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : केंद्रीय कर्मचारियों की पेंशन को लेकर किया गया बड़ा बदलाव, रखी गई हैं ये शर्तें




