
Giridih: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना पुलिस ने सदर प्रखंड के शीतलपुर में एक सब्जी की दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा व गुटखा बरामद किया है. सब्जी दुकान चलाने वाली महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
मुफस्सिल थाना पुलिस ने यह कार्रवाई थाना क्षेत्र के शीतलपुर-जंगलपुर में की है. बताया जाता है कि पुलिस को गूप्त सूचना मिली थी कि शीतलपुर व जंगलपुर के इलाके में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती व बिक्री की जा रही है. इसी के बाद मुफस्सिल थाना के एएसआइ प्रमोद कुमार ने उक्त स्थल पर पहुंच कर छापेमारी अभियान चलाया.
इसी क्रम में शीतलपुर-जंगलपुर मार्ग स्थित संजय साव नामक एक व्यक्ति के सब्जी दुकान से पुलिस ने चार किलो कच्चा व दो किलो तैयार गांजा बरामद किया. साथ ही पुलिस ने दुकान से बङे पैमाने पर गुटखा को भी जब्त किया है.
इधर एएसआइ प्रमोद कुमार ने बताया कि संजय साव नामक व्यक्ति के सब्जी दुकान में यह कार्रवाई की गयी है जहां से गांजा व गुटखा बरामद किया गया है। साथ ही दुकान से एक महिला को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पूछताछ की जा रही है. बताया कि संजय साव के घर में स्थित बगीचा में गांजा की खेती भी की जा रही थी जिसे नष्ट कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – जिसपर जंगल की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने कटवा डाले 535 पेड़, सीएम ने दिया FIR का आदेश




