Uncategorized

पीएमओ से गुम हुए आपातकाल से सम्बंधित दस्तावेज

नई दिल्ली, 21 मार्च | सरकार ने बुधवार को कहा कि देश में वर्ष 1975 में आपातकाल लगाए जाने से सम्बंधित दस्तावेज प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से गुम हो गए हैं और काफी तलाशने के बाद भी वे नहीं मिल सके हैं। पीएमओ में राज्य मंत्री वी. नारायणसामी ने लोकसभा में अपने लिखित जवाब में कहा, “हां, आपातकाल लगाए जाने से सम्बंधित दस्तावेज गुम हो गए हैं।”

सरकार से यह पूछा गया था कि वर्ष 1975 में देश में लगे आपातकाल से सम्बंधित आधिकारिक दस्तावेज प्रधानमंत्री कार्यालय में उपलब्ध हैं अथवा नहीं। नारायणसामी इस प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

नारायणसामी ने बताया कि आपातकाल लगाए जाने को लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद के बीच हुए पत्राचार के बारे में पीएमओ भी पता नहीं लगा पाया है।

उन्होंने कहा, “देश में आपातकाल लगाए जाने की घोषणा से सम्बंधित तत्कालीन प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के बीच हुए पत्राचार अभिलेखों का पता लगाने और उन्हें पाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी ली गई लेकिन इससे जुड़े कोई भी दस्तावेज पीएमओ में नहीं मिले।”

नारायणसामी ने कहा कि इस मसले पर पीएमओ को सूचना के अधिकार के तहत एक आवेदन भी मिला है।

उन्होंने कहा, “केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने मामले की जांच शुरू की है और भरोसा है कि इन दस्तावेजों के बारे में पता चल जाएगा। इन अभिलेखों के मिल जाने पर उन्हें संरक्षित किया जाएगा ताकि लोग उसके बारे में जानकारी पा सकें।” (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button