
Garhwa: पुलिस और सीआरपीएफ 172 बटालियन ने संयुक्त कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र के रंका गांव से एक लाख रुपए के इनामी भाकपा माओवादी नक्सली रामनाथ मिस्त्री उर्फ कुंदन को गिरफ्तार किया. रामनाथ मिस्त्री उर्फ कुंदन पलामू जिले के रामगढ़ थाना अंतर्गत ढुलुआ गांव का रहने वाला है. उसपर सरकार ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. वह पलामू जिले के रामगढ़, चैनपुर और गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में सक्रिय था.
गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार, गढ़वा एसपी शिवानी तिवारी को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार चल रहा नक्सली रामनाथ मिस्त्री उर्फ कुंदन रंका गांव आया हुआ है. सूचना के आधार पर एसपी ने निर्देश दिया. जिसपर सदर थाना प्रभारी अनिल सह और सीआरपीएफ 172 द्वारा रंका गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी कर रामनाथ मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया.
29 सालों से नक्सली संगठन का रहा हिस्सा
गिरफ्तार हुआ नक्सली रामनाथ मिस्त्री ने पुलिस पूछताछ के दौरान बताया कि वह 29 वर्ष पूर्व नक्सली संगठन में शामिल हुआ था. वह भाकपा माओवादी संगठन के सब जोनल कमांडर देवेंद्र पासवान के दस्ता में सक्रिय सदस्य के रूप में शामिल हुआ था. पुलिस के समक्ष दिए गए बयान में उसने स्वीकार किया है कि उसने वर्ष 2011 में ढुलुआ गांव में देवनीश कोरवा की हत्या की घटना को अंजाम दिया था. इसके अलावा उसने और भी कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए संगठन से जुड़े कई नक्सलियों के नाम व उनकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी.
इसे भी पढ़ेंः क्षतिग्रस्त ट्रैक से गुजरने पर मालगाड़ी के 23 डिब्बे डिरेल,चालक सहित चार घायल




