
Deoghar: चार दिवसीय आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. इसी सिलसिले में सूबे के कृषि मंत्री सह जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बादल पत्रलेख ने सारवां प्रखंड के भंडारो छठ घाट सहित क्षेत्र के अन्य छठ घाट पहुंच कर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया. साथ ही भागवान भास्कर से क्षेत्रवासियों के कल्याण की कामना की. इस दौरान उन्होंने भंडारो छठ घाट सहित जरमुंडी प्रखंड के गड्डी, रातो बांध, सहारा बाजार, जरमुंडी, नोनीहाट, तलझारी, लखना, बासुकीनाथ बाबा दरबार व शिवगंगा छठ घाट पहुंच कर भगवान भास्कर व बाबा बासुकीनाथ को नमन किया व लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली और यथासंभव आन द स्पॉट समस्याओं का समाधान करने का काम किया. उन्होंने आस्था के महापर्व छठ की महिमा को अपरंपार करार दिया साथ ही लोगों से ऐसे सामाजिक व धार्मिक कार्यों में तन, मन व धन से सहयोग करने की अपील की. कृषि मंत्री ने कहा कि छठ पर्व हमें शुद्धता, आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण व प्राकृतिक प्रेम का संदेश भी देता है. चार दिनों की कठिन व संयमित तरीके से छठव्रती इस महा अनुष्ठान को पूर्ण करती हैं. मैं उनकी तपस्या व नमन कर भगवान भास्कर से लोगों के सुख समृद्धि व कंचन काया प्रदान करने की कामना करता हूं. मौके पर परमेश्वरी वर्मा, झकसू वर्मा, भंडारो पंचायत के मुखिया विमल यादव, सुरेंद्र मंडल, सुधांशु शेखर, छोटू सिंह सहित पूजा समिति के सदस्य व अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: रांची: आर डी स्पोर्ट्स एकेडमी झारखण्ड के विभिन्न खेल के प्रतिभावान खिलाडियों का करेगी चयन




