
Palamu : यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया (वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक का अंग) में हुए लॉकर घोटाला की टीआईपी (टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड) शनिवार से शुरू हो गयी है. लॉकरों से गायब जेवरातों की पहचान संबंधित दावेदारों के माध्यम से करने में पुलिस जुटी है. सदर अंचल अधिकारी जेके मिश्रा की मौजूदगी में टीआईपी हो रही है. टीआईपी के लिए 12 दिसम्बर तक का समय निर्धारित किया है. दावे के अनुसार गहनों की पहचान होने के बाद उसे सील कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. न्यायालय में प्रक्रिया पूरी होने के बाद दावेदारों को गहने मिलेंगे. टीआईपी के लिए रखे गए सोने के गहनों का वजन 2 किलो 100 ग्राम है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: ओमीक्रोन से निपटने की तैयारी, उपायुक्त ने पीएसए प्लांट का किया उद्घाटन- 24 बेडों पर होगी ऑक्सीजन की सप्लाई
विदित हो कि यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में चार माह पूर्व लॉकर घोटाला हुआ था. यहां के सात लॉकरों को डुप्लीकेट चाबी बनवा कर घोटाला को अंजाम दिया गया था. लॉकर से निकाले गए गहने मैनेजर और डिप्टी मैनेजर ने रिशु सोनी के पास गिरवी रख दिए थे. जेवरातों को मुथूट फाइन कार्प और आईसीआईसीआई बैंक में गिरवी रखा गया था. गत 22 सितम्बर को इस मामले का उद्भेदन करते हुए बैंक के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर समेत 15 आरोपियों को अबतक गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है. मुख्य आरोपी रिशु पत्नी के साथ फरार है.
टाउन थानेदार इंस्पेक्टर अरुण कुमार माहथ ने बताया कि पुलिस ने जेवरातों की टीआईपी शुरू कर दी है. सीओ की निगरानी में सारे गहनों की पहचान की जा रही है. उन्होंने कहा कि अबतक सात में से छह लॉकरों के मालिकों ने गहनों की पहचान शुरू की है. एक दावेदार एके सिन्हा बाहर रहने के कारण आ नहीं पाए हैं. सभी से अच्छा रिस्पांस रहा है. कुछ लोग अपने गहनों की पहचान के लिए उसका फोटो खींच कर मोबाइल से लाए हैं. गहनों की पहचान में किसी तरह की हड़बड़ी लोग नहीं दिखा रहे हैं. लालच की भावना भी अबतक देखने को नहीं मिली है। पूछताछ के समय जिन गहनों को लॉकर में रखने की जानकारी दी गयी थी, उसके अनुसार की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.
विदित हो कि कृषि वैज्ञानिक एके सिन्हा, विश्वविद्यालय कर्मी राजीव मुखर्जी और वेद प्रकाश शुक्ला, रमण कुमार सिंह, श्याम बारला, डा. जय कुमार और बीके चौबे ने लॉकर के साथ छेड़ छाड़ कर लाखों की संपत्ति गायब करने की शिकायत दर्ज करायी थी.
इसे भी पढ़ें:GOOD NEWS : आप भी ले सकते हैं फ्री में बिजली, जानें कैसे लें सकते हैं सरकार से सब्सिडी




