JharkhandPalamu

पलामू : बिजली के खंभे से टकराई कार, ट्रांसफार्मर सहित पोल गिरने से चालक की मौत

Palamu : पलामू जिला मुख्यालय मेदनीनगर के शहर थाना क्षेत्र के सुदना के गायत्री मंदिर रोड में रविवार की देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई. हादसे में बिजली का खंभा सहित ट्रांसफार्मर कार पर गिरा. जिसमें दबकर कार चालक की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गई. ट्रांसफार्मर के गिरने से आग लगने की संभावना बन गई थी, लेकिन पुलिस जवानों की तत्परता से मामले को टाला गया. युवक की पहचान हरियाणा निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार रविवार की देर शाम शहर थाना क्षेत्र के सुदना में बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना रात साढ़े आठ बजे की है. कार सुदना के रहने वाले अमन पांडेय की है, जिसे उनका ड्राइवर राहुल चला रहा था. वह किसी व्यक्ति को बस स्टैंड छोड़कर राहुल कार से वापस सुदना मालिक के घर लौट रहा था.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह कार काफी तेज गति से चला रहा था. सुदना स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार ट्रांसफार्मर लगे बिजली के पोल से टकरा गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

तत्काल शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. बिजली विभाग और दमकल की टीम भी घटनास्थल पर कैम्प किये हुए है. इलाके की बिजली काट दी गई है. कार में फंसे ड्राइवर के शव को निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

 

इसे भी पढ़ें : रांची में भारत-न्यूजीलैंड मैच के टिकट बुकिंग 15 से, जान लें ये जरूरी नियम

Related Articles

Back to top button