
Dhanbad : सिंह मेंशन के करीबी और सिंदरी के शहरपुरा निवासी गौरव वक्ष उर्फ लक्की सिंह के लोगों व विरोधी पक्ष के बीच 22 अगस्त को मारपीट और लक्की सिंह के कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना के बाद आज गुरुवार की दोपहर लगभग 2 बजे एकबार फिर फायरिंग की शोर से सिंदरी शहरपुरा बाजार दहल उठा है. लक्की सिंह के कार्यालय और घर पर हजार की संख्या में ग्रामीणों ने हमला बोला, तोड़फोड़ शुरू की. जबाव में लक्की सिंह के कार्यालय पर सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किए गय पुलिस जवानों ने हमलावरों को खदेड़ने के लिए फायरिंग की. दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई. अफरातफरी में शहरपुरा बाजार में भगदड़ मच गया. लोग इधर उधर भागने लगे. दुकान की शटर बंद होने लगी. बताया जा रहा है कि पुलिस ने करीब दस राउंड फायरिंग की है। वही ग्रामीणों की ओर से भी फायरिंग की गई है. तनाव का माहौल है. सिंदरी के लोग सकते में हैं.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: सिंदरी में लक्की सिंह के कार्यालय पर हमला, लाठी-डंडे खूब चले, 8 घायलों में तीन की हालत गंभीर

मालूम हो कि बीते सोमवार को सिंदरी में सिंह मेंशन समर्थकों व आसपास के गांव के ग्रामीणों में भिड़ंत हो गई थी. इस दौरान दो बार बवाल हुआ. दिन में दो बजे के करीब आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण मेंशन समर्थक गौरव वक्ष उर्फ लक्की सिंह के कार्यालय पहुंचे. उनका कहना था कि तीन दिन पहले लक्की समर्थकों ने गांव के युवक किरण की पिटाई की थी. पिटाई करने वालों को बख्शेंगे नहीं, इस पर बात बढ़ गई. गौरव व उनके समर्थकों ने ग्रामीणों को लाठी डंडों से पीटा. इसमें आधा दर्जन ग्रामीण जख्मी हो गए. सूचना पाकर सिंदरी थाना की पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा.

इधर, यह सूचना जब आसपास के गांवों में पहुंची तो करीब सौ से ज्यादा बाइक पर सवार ग्रामीणों ने रात करीब 11 बजे गौरव के कार्यालय पर हमला कर दिया. पथराव किया. वहां के शीशे व कुर्सियां आदि तोड़ दीं. हवा में छह राउंड फायरिंग भी की. इससे सिंदरी में हड़कंप मच गया. सूचना पाकर सिंदरी थाने से पुलिस पहुंची, तब तक हमलावर जा चुके थे. ग्रामीणों की संख्या देख गौरव समर्थक भी वहां से निकल भागे. तब से दोनों पक्षों में स्थिति तनावपूर्ण है. पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी लेकिन इसबीच आज अचानक हजार की संख्या में ग्रामीण हरवे हथियार के साथ लैश होकर लक्की सिंह के कार्यालय और घर पर धाबा बोला है. यहां बता दें कि सोमवार की घटना के बाद बलियापुर के बड़ादाहा पंचायत भवन के समीप मैदान में 23 अगस्त को बड़ादाहा व अन्य पंचायतों के ग्रामीणों ने बैठक कर अपनी रणनीति बनाई.
उल्लेखनीय है कि सोमवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट 8 लोग घायल हुए थे. घायलों में एक पक्ष के किरण महतो, राहुल महतो, विष्णु राणा, भीम कुमार महतो, दीपक कुमार महतो व मलय कुमार महतो शामिल है. विष्णु राणा आरएम फोर का, जबकि बाकी बड़ादाहा के रहने वाले हैं. लक्की सिंह समर्थक गुड्डू सिंह व छोटू कुमार को भी चोटें आई थीं.
इस बीच कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में लक्की सिंह के साले अमर सिंह ने सिंदरी थाना में 8 लोगों के खिलाफ मारपीट, रंगदारी मांगने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें फर्टिलाइजर वर्क्स यूनियन के महामंत्री संतोष चौधरी, पवन यादव, जयराम सिंह यादव, मिनिस्टर यादव, राजा राम, विकास राम, विष्णु राणा व संटू गोराईं को आरोपी बनाया है.
इसे भी पढ़ें: सीएम मामले को लेकर राजभवन से लेकर मुख्यमंत्री आवास में सरगर्मी बढ़ी




