
Ranchi: राजधानी रांची में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है. वहीं, कुछ घरों में स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड पर कार्य कर रहा है. इसी बीच नियामक आयोग ने झारखंड बिजली वितरण निगम को आदेश दिया है कि जिन उपभोक्ताओं का स्मार्ट मीटर प्री पेड मोड पर संचालित है उनकी सेक्युरिटी मनी वापस कर दी जायेगी. राशि जेबीवीएनएल की ओर से वापस की जायेगी. इस संबध में नियामक आयोन ने जेबीवीएनएल को आदेश जारी कर दिया है. वहीं, अब जेबीवीएनएल इस राशि के आंकलन और व्यवस्था लागू करने की तैयारी में लगा है.
बता दें नियामक आयोग की ओर से नयी बिजली दरें 1 जून से लागू की गयी है. इसके साथ प्रीपेड स्मार्ट मीटर होने पर सेक्यूरिटी मनी वापस करने का आदेश दिया गया है. निर्देश में बताया गया है कि प्री-पेड स्मार्ट मीटर और प्री-पेड मीटर लगाने के एक महीने के भीतर बिजली कनेक्शन के लिये ली गयी सेक्युरिटी मनी वापस करनी होगी. इस ओदश से वितरण निगम पर करोड़ों रूपये का अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा.
कर सकते है शिकायत: नियामक आयोग की मानें तो उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने के एक महीने के भीतर अगर सेक्युरिटी मनी वापस नहीं की गयी तो उपभोक्ता इसकी शिकायत कर सकते है. शिकायत नियामक आयोग के उपभोक्ता फोरम में की जा सकती है. बता दें उपभोक्ताओं को सेक्यूरिटी मनी ब्याज सहित वापस करना है. जानकारी हो कि पिछले साल से राजधानी में स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है. अब तक लगभग 80 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाया गया है. जबकि योजना के तहत इस साल कुल 3 लाख 50 हजार घरों में स्मार्ट मीटर लगाया जाना है. लगभग छह हजार स्मार्ट मीटर प्री पेड मोड पर कार्यरत है. कनेक्शन के हिसाब से सेक्यूरिटी मनी देंखें तो शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को 3380 रूपये, घरेलू ग्रामीण 3110 रूपये, एचटी 5830 रूपये, कॉमर्शियल 5650 रूपये लगते है.




