
NewDelhi : प्राचीन काल में सोने की लंका प्रसिद़ध रही है. दुनिया भर में सोना समृद्धि के सबसे बड़े प्रतीकों में माना जाता है. सोना पाने और इससे संवारने की दीवानगी दुनियाभर में है. खास कर महिलाओं में सोने की दीवानगी देखते ही बनती है. आधुनिक युग में धनतेरस सोना खरीदने का सबसे अच्छा दिन माना जाता है. देश और दुनिया में कितना सोना है और इसका क्या महत्व है. यहां यह जानना दिलचस्प होगा. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार दुनिया में जब से सोने का खनन शुरू हुआ है, जमीन से लगभग दो लाख टन सोना निकाला जा चुका है. सूत्रों के अनुसार खनन से अब तक एक लाख 90 हजार 40 टन सोना निकाला गया है. इसमें दो तिहाई यानी 1.26 लाख टन 1950 के बाद निकाला गया. हर साल दुनियाभर में लगभग तीन हजार टन सोने का खनन किया जाता है. धरती के अंदर अभी और कितना सोना है, यह आकलन समय-समय पर नयी खोजों के अनुसार बदलता रहा है. बताया गया है कि दुनिया भर में जितना सोना है उसका लगभग 48 फीसदी जेवरात के रूप में मौजूद है. वर्तमान समय में सोने के सालाना उत्पादन और उपयोग में चीन अव्वल है. काउंसिल की रिपोर्ट के अनुसार भारत में 24 हजार टन सोना होने का अनुमान है. इसमें भी भारतीय महिलाओं के पास 21 हजार टन सोना है. यह दुनिया में सबसे ज्यादा है. इतना सोना सबसे ज्यादा गोल्ड रिजर्व वाले शीर्ष पांच देशों के बैंकों के भंडार को मिलाकर भी नहीं है.
इसे भी पढ़ें : सबरीमाला मंदिर : हिंदूवादी संगठनों ने मीडिया को चेताया, कवरेज के लिए युवा महिला पत्रकारों को न भेजें
भारतीय महिलाओं के पास दुनिया का 11 प्रतिशत सोना : जानकारी के अनुसार भारतीय महिलाओं के पास 21 हजार टन सोना है. यानी दुनिया के कुल सोने का 11 प्रतिशत हिस्सा. इतना सोना तो दुनिया के शीर्ष पांच देशों अमेरिका (आठ हजार टन), जर्मनी (3,300 टन), इटली (2,450 टन), फ्रांस (2,400 टन) और रूस (1900 टन) के कुल फॉरेन रिजर्व में भी नहीं है.
भारतीय बैंकों के पास 750 टन सोना : 2017-18 में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में 566.36 टन सोन था. इसके अलावा मुथूट फाइनेंस, मनप्पुरम फाइनेंस जैसी निजी कंपनियों के पास 2014 में 200 टन सोना होने का अनुमान था. मुथूट फाइनेंस के पास 116 टन, मनप्पुरम फाइनेंस के पास 40 टन और मुथूट फिन कॉर्प के पास 39 टन सोना बताया गया है.

मंदिरों के पास ढाई हजार टन सोना : भारत के मंदिरों में ढाई हजार टन सोना है. जानकारी के अनुसार केरल के पद्मनाभ स्वामी मंदिर में 1300 टन सोना होने का अनुमान है. बता दें कि दुनिया का सबसे अमीर मंदिर आंध्रप्रदेश का तिरुपति मंदिर माना जाता है. हर माह यहां 100 किलो सोना चढ़ावे में आता है. तिरुपति मंदिर के पास 250 से 300 टन सोना है. कुछ समय पहले मंदिर ने 4.5 टन सोना बैंक डिपॉजिट स्कीम में डाला है.
चीन ने 2017 में 426.14 टन सोने का उत्पादन किया : जानकारी के अनुसार चीन ने 2017 में 426.14 टन सोने का उत्पादन किया. बता दें कि 2007 में सोने के उत्पादन के मामले में चीन ने दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़कर नंबर एक का स्थान हासिल किया था. इस साल चीन ने 276 मीट्रिक टन सोना निकाला था, जबकि दक्षिण अफ्रीका 272 मीट्रिक टन सोना निकाल पाया था. चीन ने 2017 में 1089 टन सोने का उपयोग किया. पिछले साल चीन ने लगभग 660 टन सोने का आयात किया.




