News Wing
Masonry, 22 November: मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मलकाना स्थित एक निजी क्लिनिक में मंगलवार की शाम इलाज कराने आयी 18 वर्षीया युवती का चार बदमाशों ने अपहरण कर लिया और किराये के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया.
मौके पर पहुंची पुलिस
इस दौरान युवती द्वारा विरोध करने पर युवकों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और कमरे में बाहर से ताला जड़ भाग निकले. बाद में मौके पर पहुंची मृत युवती की बड़ी बहन ने ताला तोड़ा और पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मौके से एक पैंट, जैकेट व एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
यह भी पढ़ें: बिहार: बच्ची को लेकर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने दबोचा, जमकर की पिटाई
मृतका घाव का इलाज कराने आयी थी क्लिनिक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धनरूआ थाने के शहीद नगर (बरनी) निवासी मो महबूब शाह की पुत्री रोशन खातून अपनी बड़ी बहन गुलशन खातून और एक छोटी बहन के साथ मंगलवार की शाम मलकाना स्थित एक निजी क्लिनिक में अपने घाव का इलाज कराने गयी थी. गुलशन खातून ने बताया कि मैं पुर्जा कटाकर दवा लाने अंदर चली गयी थी. इसी बीच मलकाना के सूरज, राजा और सुनील समेत चार युवक मेरी बहन रोशन को क्लिनिक के बाहर से खींच कर मलकाना (वार्ड नंबर 6) स्थित किराये के मकान के एक कमरे में ले गये और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया. विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और कमरे में बाहर से ताला जड़ फरार हो गये.
नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही है छापेमारी: थानाध्यक्ष
इधर घटना को लेकर थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना के कारण स्पष्ट नहीं है. कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है. घटना के वास्तविक कारण का शीघ्र ही पता लगा लिया जाएगा. नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




