
Ramgarh: बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा ने उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा के साथ पतरातू प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने प्रखंड में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन अंतर्गत मनरेगा, 15वें वित्त आयोग, डीएमएफटी सहित अन्य योजनाओं के कन्वर्जेन्स के माध्यम से हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया.निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सबसे पूर्व हरिहरपुर पंचायत में डीएमएफटी मद से बनाए जा रहे पुल का निरीक्षण किया इस दौरान उन्होंने कार्य प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए जल्द कार्य पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए जिसके उपरांत उन्होंने बारुघुटु गांव में रूर्बन मिशन के तहत स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा का जायजा लिया.
मौके पर उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व एवं नियमित रूप से विद्यालय आने के प्रति जागरूक किया जिसके उपरांत उन्होंने बारघुटु गांव में ही मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. मौके पर उन्होंने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पतरातू एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए केंद्र के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:राजीव नगर मामले में पटना हाईकोर्ट का निर्देश, जब तक फाइनल जजमेंट नहीं आ जाता तब तक किसी का घर नहीं टूटेगा
हरिहरपुर पंचायत अंतर्गत मेलानी गांव में उपायुक्त ने मत्स्य केज कल्चर व हैचरी डेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मत्स्य पालकों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं इससे उनके जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली. मौके पर उन्होंने अधिकारियों को मत्स्य पालकों को आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया वहीं उपायुक्त ने अन्य ग्रामीणों को भी कार्य से जोड़ते हुए उन्हें लाभ देने का निर्देश दिया.
बीचा पंचायत के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुथरपुर गांव अंतर्गत निर्माणाधीन “रूरल हॉट” व कोल्ड स्टोरेज के तहत अब तक हुए कार्यों का जायजा लिया. मौके पर उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर कार्य प्रगति की समीक्षा करने एवं जल्द से जल्द कार्य पूरा करते हुए ग्रामीणों को लाभ देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:बिहार में NH पर ढाबा खोलने का सुनहरा अवसर, सरकार देगी 50 लाख तक का अनुदान
दौरे के क्रम में उपायुक्त ने पंचायत भवन बिचा का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन के माध्यम से ग्रामीणों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली वहीं अधिकारियों को पंचायत भवन के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने पंचायत भवन के समीप खेल मैदान का भी निरीक्षण किया एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पतरातू देवदत्त पाठक, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल एच. एन सिंह ग्रामीण विकास अभिसरण विशेषज्ञ वंदना भगत, एरिया प्लानिंग ऑफिसर आशुतोष कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें:पीएम नरेंद्र मोदी 20 जुलाई को आएंगे पटना, बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल




