National

चुनाव आयोग की सलाह, राजनीतिक दल सेना की तस्वीरें चुनाव में इस्तेमाल न करें

NewDelhi : चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक पार्टियों को यह सलाह दी है कि सेना और सैन्य अभियानों की तस्वीरें चुनावी अभियान में इस्तेमाल न करें.चुनाव आयोग ने शनिवार को 2013 में जारी परामर्श का हवाला देते हुए सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों से अपने पार्टी प्रतिनिधियों और उम्मीदवारों से इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा. बता दें कि चुनाव आयोग ने एक राजनीतिक दल के पोस्टर में वायु सेना विंग कमांडर अभिनंदन की तस्वीर के कथित इस्तेमाल पर संज्ञान लेते हुए फरमान जारी किया है. आयोग ने दिसंबर 2013 में रक्षा मंत्रालय की शिकायत पर यह परामर्श जारी किया था. रक्षा मंत्रालय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों द्वारा चुनाव अभियान में सैन्यकर्मियों की तस्वीर का इस्तेमाल करने पर चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित करते हुए इसे रोकने के लिए उपयुक्त निर्देश जारी करने का अनुरोध किया था.

इसे भी पढ़ें : मिग-21 बाइसन के पाकिस्तानी एफ-16 को गिराने के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य हैं : एमईए

सुरक्षा बल देश की सीमाओं के तटस्थ पहरेदार हैं

आयोग ने अपने परामर्श में कहा है कि सुरक्षा बल देश की सीमाओं और राजनीतिक तंत्र की सुरक्षा के तटस्थ पहरेदार हैं. ऐसे में राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को अपने चुनावी अभियान में सैन्य बलों के संदर्भ का किसी भी रूप में सहारा लेते समय अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. इसलिए राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों को चुनाव अभियान में सैन्य बलों के जवानों और सैन्य अभियानों की तस्वीर आदि का इस्तेमाल बिलकुल नहीं करना चाहिए.  इसके आलोक में चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों के प्रमुखों से अपने नेताओं एवं उम्मीदवारों को सैनिकों और सैन्य अभियानों की तस्वीर का इस्तेमाल करने से बचने का निर्देश जारी करने की बात कही है.

इसे भी पढ़ें :नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है भारत : विदेश मंत्रालय

Related Articles

Back to top button