JharkhandPalamu

पलामू : सीएम के रीट्वीट का असर, 24 घंटे में विश्वनाथ भुइयां को मिला ग्रीन राशन कार्ड

रोजगार के लिए मनरेगा के तहत गांव में निकाला गया डिमांड

Palamu : पलामू जिले के तरहसी प्रखंड के घुमा निवासी विश्वनाथ भुइयां को गुरुवार को ग्रीन राशन कार्ड मुहैया करा दिया गया. साथ ही रोजगार देने के लिए उसके गांव में मनरेगा के तहत डिमांड निकाला गया है. इसके तहत उसे अगले 14 दिनों तक रोजगार दिया जाएगा.

विदित हो कि विश्वनाथ भुइयां की गरीबी और बेरोजगारी को देखते हुए पलामू के युवा सामाजिक कार्यकर्ता राहुल दुबे ने गत बुधवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्वीट किया था. सीएम ने मामले में तत्काल रिट्वीट किया और पलामू के उपायुक्त शशि रंजन को विश्वनाथ भुइयां को सरकारी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया. निर्देश के आलोक में तरहसी के बीडीओ और सीओ ने बुधवार को ही घुमा गांव जाकर विश्वनाथ भुइयां को खाद सामग्री दी थी. साथ ही रोजगार, आवास और ग्रीन राशन कार्ड देने का आश्वासन दिया था.

गुरुवार को इस संबंध में कार्रवाई कर विश्वनाथ भुइयां को ग्रीन राशन कार्ड मुहैया करा दिया गया. साथ ही रोजगार देने के लिए घुमा गांव में मनरेगा योजना के तहत रीता देवी के खेत में वर्मी कंपोस्ट बनाने के लिए डिमांड निकाला गया. इस योजना के तहत अगले 14 दिनों तक विश्वनाथ भुइयां को रोजगार दिया जाएगा.

तरहसी के प्रखंड विकास पदाधिकारी सच्चिदानंद महतो ने बताया कि मास्टर रोल संख्या 6722 के तहत डिमांड निकाला गया है. इसमें 9 जून तक विश्वनाथ भुइयां को रोजगार दिया जाएगा. रीता देवी के खेत में वर्मी कंपोस्ट बनाया जाएगा.

इसे भी पढ़ें – Bengal News : ममता बनर्जी ने किया 10वीं-12वीं की परीक्षाएं लेने का ऐलान, जानिये कब और कैसे होंगे एक्जाम

Related Articles

Back to top button