
New Delhi : प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने बीकानेर जमीन घोटाले के मामले में रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी की 4.62 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. इडी ने 2015 में सौदे के सिलसिले में आपराधिक मामला दर्ज किया था. बीकानेर के तहसीलदार ने इलाके में जमीन के आवंटन में कथित धोखाधड़ी के बारे में शिकायत की थी, जिसके बाद राजस्थान पुलिस ने प्राथमिकी और आरोपपत्र दायर किये थे. इस इलाके को भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने की वजह से संवेदनशील माना जाता है.
वाड्रा और उनकी मां मौरीन मंगलवार को जयपुर में इडी के समक्ष पेश हुए थे. कांग्रेस महासचिव और वाड्रा की पत्नी प्रियंका गांधी उनके साथ जांच एजेंसी के दफ्तर तक गये थे. इडी ने विदेश में कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्तियां खरीदने के मामले में वाड्रा के खिलाफ जांच के तहत उनसे दिल्ली में पिछले सप्ताह तीन दिन तक पूछताछ की थी.




