
Palamu: पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्वडीहा गांव में महुआ चुन रहे एक अधेड़ को बाइक सवार ने टक्कर मार दी. घटना में मौके पर ही अधेड़ की मौत हो गई.
हालांकि घटना के बाद अधेड़ को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद चालक बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. चालक पहचान के लिए पुलिस छानबीन कर रही है.
क्या है मामला
चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्वडीहा गांव निवासी 50 वर्षीय सत्येंद्र दुबे, पिता स्व उमाशंकर दुबे गांव में ही सड़क किनारे महुआ चुन रहे थे. इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें धक्का मार दिया. बाइक के टक्कर से सत्येंद्र काफी दूर जा गिरा. उसके सिर पर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
मृतक आर्थिक रूप से काफी कमजोर थे. घर पर ही रहकर खेती-बाड़ी करते थे. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह करीब नौ बजे लिदकी गांव की ओर से एक तेज रफ्तार बाइक आया और सड़क किनारे सत्येंद्र को धक्का मार दिया. धक्का मारने के बाद बाइक का चालक हीरो पैशन प्रो (जे एच 03क्यू 6054) छोड़कर फरार हो गया.
धक्का लगने के बाद सत्येंद्र को ग्रामीण लेकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लेकर गए, जहां पोस्टमॉर्टम किया गया. मृतक के दो बेटे हैं. एक की उम्र 30 वर्ष व दूसरे की 26 साल है.
घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. पुलिस धक्का मारने वाले युवक की पहचान में जुटी हुई है.




