
Mumbai : सूफी पाकिस्तानी सिंगर राहत फतेह अली खान पर विदेशी मुद्रा की स्मगलिंग करने के आरोप में ईडी ने फेमा के तहत शोकाज नोटिस भेजकर उसका जवाब मांगा है. बता दें अगर ईडी अगर राहत फतेह अली के जवाब से संतुष्ट नहीं होता है तो उन पर 300 प्रतिशत का जुर्माना लग सकता है. जुर्माना न भरने की स्थिति में राहत के खिलाफ भारत में लुकआउट नोटिस जारी किया जायेगा. साथ ही भारत में राहत के कार्यक्रमों पर भी रोक लगने की संभावना बढ़ जायेगी. आरोप है कि राहत फतेह अली को भारत में अवैध तरीके से तीन लाख चालीस हजार यूएस डॉलर मिले थे. इनमें से राहत ने दो लाख पच्चीस हजार डॉलर स्मगल कर दिये. इससे पूर्व 2011 में राहत फतेह अली खान को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर सवा लाख डॉलर के साथ गिरफ्तार किया गया था. राहत के पास इन पैसों के कोई दस्तावेज नहीं थे. राहत के साथ उनके प्रबंधक मारूफ और इवेंट मैनेजर चित्रेश को भी हिरासत में लिया गया था.
राहत के बैग से 24 हजार डॉलर बरामद हुए थे
इन लोगों को तब हिरासत में लिया गया था जब वे दुबई के रास्ते लाहौर जाने वाले थे. राहत के बैग से 24 हजार डॉलर जबकि दल के दो अन्य सदस्यों के बैग से 50-50 हजार डॉलर बरामद किये गये थे. तीनों 16 सदस्यीय दल का हिस्सा थे. डीआरआई ने उस समय कहा था राहत के पास जितनी मुद्रा थी, वह दी गयी अनुमति की सीमा से काफी अधिक थी. बता दें कि राहत फतेह अली खान ने बॉलीवुड में साल 2003 से करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने फिल्म पाप में लागी तुझसे मन की लगन गाना गाया था. राहत को फिल्म इश्किया के गाने दिल तो बच्चा है जी के लिए फिल्म फेयर अवॉर्ड मिल चुका है.
इसे भी पढ़ेंः 2018 में भारत में कम हुआ भ्रष्टाचार, सोमालिया सबसे भ्रष्ट- डेनमार्क सबसे बेहतर- रिपोर्ट




