News Wing New Delhi, 20 October: देश में ट्रेनों के देर होने आम बात हो गयी है. यात्रियों को अब इसकी आदत सी हो गयी है. रोजाना ट्रेनों के देरी से चलने के कारण रेल यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. रेल यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए रेल मंत्रालय ने एक प्लान बनाया है. इस प्लान के तहत रेलवे ने लंबी दूरी वाली ट्रेनों की स्पीड तेज करने का निर्णय ले लिया है. सब कुछ ठीक रहा तो इसका अगर अगले महीने से ही देखने को मिल जाएगा. भारतीय रेल जल्द ही लंबी दूरी की 500 से ज्यादा ट्रेनों के यात्रा समय में तीन घंटे तक की कटौती करेगा. रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई समय सारणी नवंबर में अपडेट की जाएगी. रेल मंत्री पीयूष गोयल से निर्देशों के बाद रेलवे ने नवीन समयसारणी पर काम किया है, जिसके तहत लोकप्रिय ट्रेनों का यात्रा समय 15 मिनट से तीन घंटे तक घट जाएगा.
क्या है रेल मंत्रालय की योजना
नई समय सारणी में प्रत्येक रेल मंडल को रखरखाव कार्यों के लिए दो से चार घंटे का समय दिया जाएगा. मौजूदा रॉलिंग स्टॉक का अधिकतम इस्तेमाल करने की योजना बनाई गयी है. आजतक के वेबसाइट की खबर के मुताबिक ‘नई समयसारणी में करीब 50 ऐसी ट्रेनें इस तरह चलेंगी. कुल 51 ट्रेनों का समय एक से तीन घंटे तक घट जाएगा. यह 500 से ज्यादा ट्रेनों तक होगा. रेलवे ने एक आंतरिक ऑडिट शुरू किया है, जिसमें 50 मेल और एक्सप्रेस ट्रेन सुपरफास्ट सेवा में बदली जाएंगी. उन्होंने कहा कि यह मौजूदा ट्रेनों की औसत रफ्तार बढ़ाने के रेल तंत्र को दुरुस्त करने का एक हिस्सा है.
रेलवे ने घटाया स्टेशनों पर ठहराव का वक्त
रेलवे ने ट्रेनों के स्टेशनों पर ठहराव का वक्त भी घटाया है. भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेन 95 मिनट पहले पहुंच जाएगी, जबकि गुवाहाटी-इंदौर स्पेशल अपनी 2330 किलोमीटर की यात्रा 115 मिनट पहले पूरा कर लेगी. कुल 1929 किलोमीटर का सफर तय करने वाली गाजीपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस की यात्रा 95 मिनट पहले पूरी हो जाएगी. रेलवे ने स्टेशनों पर ठहराव का वक्त भी घटाया है. इसी तरह कम आवाजाही वाले स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं ठहरेंगी. लाइन और आधारभूत संरचना की बेहतरी, स्वचालित संकेतक और 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से दूरी तय करने वाले नये लिंके-हॉफमेन बुश कोचों से ट्रेन तेजी से गंतव्य तक पहुंच सकेगी.




