
Ranchi : राजधानी के बर्दवान कंपाउंड स्थित फ्लैट में सोमवार की रात एक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया. युवती काे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके दोस्त ने ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद आरोपी ने युवती को सड़क किनारे छोड़ दिया.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दिया. कोतवाली थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं मंगलवार को छात्रा का मेडिकल जांच कराया जाएगा.
सड़क किनारे पड़ी हुई थी युवती
सोमवार की रात करीब 11 बजे लोगों ने युवती को सड़क किनारे पड़ा देखा. उसके बाद उन्होंने पुलिस को युवती के बारे में सूचना दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल पहुंचाया.
युवती की हालत इतनी खराब थी कि वह ना तो चल-फिर पा रही थी और ना ही कुछ बोलने की हालत में थी. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सिटी डीएसपी अमित कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली.
उन्होंने बताया की युवती हरमू की रहने वाली है. दुष्कर्म की घटना में कितने लोग शामिल थे इसकी अभी सही जानकारी नहीं मिल पाई है.
युवती को फोन कर आरोपी ने बुलाया था फ्लैट पर
जानकारी के अनुसार पीड़िता की प्रियांशु नामक युवक से कुछ सालों से उसकी दोस्ती थी. दोनों एक ही काॅलेज में पढ़ते थे. अक्सर मिलते-जुलते रहते थे.
सोमवार शाम 5:30 बजे प्रियांशु ने फोन कर युवती को फ्लैट पर बुलाया था, देर शाम युवती वहां पहुंची थी. जिसके बाद युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना का अंजाम दिया गया.
युवती ने दुष्कर्म होने की बात कही
युवती को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी. युवती के पिता अस्पताल पहुंचे. जिसके बाद पीड़िता ने बताया कि प्रियांशु नाम के युवक ने उसके साथ गलत किया है.
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है.




