National

ममता सरकार को डॉक्टर्स का अल्टीमेटम, 48 घंटे में नहीं मानी मांगें तो अनिश्चितकालीन हड़ताल

New Delhi: पश्चिम बंगाल में डॉक्टर्स और सरकार के बीच तनातनी जारी है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अपील के बाद भी डॉक्टरों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन भी जारी है.

हड़ताली जूनियर डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बिना शर्त माफी की मांग करते हुए काम पर लौटने के लिए छह शर्तें रखी हैं.

दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने डॉक्टरों को चिट्ठी लिखकर हड़ताल खत्म करने की अपील की थी. लेकिन इसके जवाब में डॉक्टरों ने अपनी मांगों की नई लिस्ट जारी की है.

जूनियर डॉक्टरों की इस हड़ताल में बंगाल के विभिन्न सरकारी अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सक भी शामिल होने लगे हैं और इस्तीफे देने लगे हैं.

देशभर में मिल रहा समर्थन

प. बंगाल में डॉक्टरों की हड़ताल को देशभर का समर्थन मिल रहा है. देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी शनिवार को 18 अस्पतालों में डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे, जिसमें एम्स और सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर भी हड़ताल पर हैं. इधर जम्मू-कश्मीर और लेह से भी पश्चिम बंगाल के डॉक्टरों की हड़ताल को समर्थन मिला है.

48 घंटे का अल्टीमेटम

दिल्ली एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पश्चिम बंगाल सरकार को हड़ताली डॉक्टरों की मांगें पूरी करने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो एम्स में अनिश्चितकालीन हड़ताल करने पर मजबूर होंगे.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताल तोड़ने की अपील

इधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को डॉक्टरों से हड़ताल खत्म करने की अपील की. साथ ही हर्षवर्धन ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके प्रदेश में डॉक्टरों के खिलाफ अल्टीमेटम वापस लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि ममता के अल्टीमेटम के कारण देशभर में डॉक्टर हड़ताल पर चले गए.

Related Articles

Back to top button