
Ranchi : मान्यता को लेकर राज्य के डिप्लोमा इंजीनियरिंग संस्थानों में सेमेस्टर चार व सेमेस्टर छह की परीक्षा नहीं हुई है. इधर लेट्रल एंट्री के तहत राज्य के बीटेक संचालित करने वाले संस्थानों में नामांकन प्रक्रिया चल रही है. जिन संस्थानों ने लेट्रल एंट्री के तहत डिप्लोमा से बीटेक कोर्स में नामांकन लिया है. उन संस्थानों में नामांकन लेने वाले स्टूडेंट्स से 14 अगस्त तक डिप्लोमा का मार्क्स शीट जमा करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें – खतरा बरकरार : अब भी खुली हैं राजधानी की 8.5 लाख मीटर नालियां, ढंकने में लग सकता है लंबा समय
अंडरटेकिंग लेकर दे रहे एडमिशन
लेट्रल एंट्री के तहत बीटेक कराने वाले संस्थान ऐसे स्टूडेंट्स से अंडरटेकिंग लेकर नामांकन दे रहे हैं. अंडरटेकिंग में उनसे लिखवाया जा रहा है कि वे 14 अगस्त या उससे पहले तक अपना छठा सेमेस्टर मार्क्स शीट संस्थान में जमा कर देंगे. स्टूडेंट्स को इसी अंडरटेकिंग के साथ प्रोविजनल एडमिशन दिया जा रहा है.
ऐसा ही मामला बीआइटी सिंदरी से आया है, जहां गढ़वा के रहने वाले एक छात्र को बीआइटी प्रबंधन ने अंडर टेकिंग लेकर नामांकन दिया है. इस समस्या को लेकर लेट्रल एंट्री के विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति है. छात्रों का कहना है कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग और बीटेक दोनों झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के तहत आते हैं.
छात्रों ने बताया कि जब डिप्लोमा इंजीनियरिंग की परीक्षा झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी को ही लेना है तो फिर लेट्रल बीटेक एडमिशन में मार्क्स शीट क्यों मांगा जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा : मरांडी
एआइसीटीइ का संस्थान दे रहा हवाला
बीआइटी सिंदरी सहित तमाम तकनीकी संस्थान ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन के गाइडलाइन का हवाला दे रहे हैं. जिसमें यह कहा गया है कि अगस्त माह में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर लेनी है.
गौरतलब है कि बीआइटी में लेट्रल एंट्री के तहत बीटेक कोर्स में नामांकन के लिए 68 सीट निर्धारित है. इस तरह से कई और संस्थानों में हजारों की संख्या में छात्र संस्थानों के ऐसे आदेश से परेशान हो रहे हैं, वहीं करियर को लेकर भी चिंतिंत हैं.
सरकार के निर्देश का है इंतजार
इस संबंध में झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वीसी गोपाल पाठक बताते हैं कि मान्यता की बात को लेकर संस्थानों का मसला सरकार के पास है. हम भी सरकार के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं. इधर डिप्लोमा इंजीनियरिंग सेमेस्टर चार व छह की परीक्षा को लेकर शाम चार बजे कैबिनेट में सुनवाई होनी है.
इसे भी पढ़ें – रांची: ड्यूटी की कमान काटने के नाम पर होमगार्ड जवानों से होती है वसूली




