
Ranchi : मांडर उपचुनाव में एनडीए ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. भाजपा के प्रदेश नेताओं के साथ आज एनडीए के मजबूत साथी और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने भी रंजी, पुरियो, और जरिया पंचायत के विभिन्न गांव में जनचौपाल के माध्यम से जनता को भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर के पक्ष में मतदान करने की अपील की. विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने जनता से सीधा संवाद करते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में राज्य की जनता को केवल धोखा दिया है. विकास कार्य पूरी तरह ठप है और भ्रष्टाचार चरम पर है. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा, किसान, मजदूर, व्यवसायी सभी नाराज हैं.
उन्होंने कहा कि 5 लाख नौकरी प्रतिवर्ष का वादा कर सत्ता प्राप्त करने वाली सरकार आज युवाओं को अंडा मुर्गी बेचने की बात करती है. विधि व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है.
इसे भी पढ़ें:रक्षा मंत्रालय की भर्ती में मिलेगा आरक्षण, विपक्ष योजना को गलत तरीके से कर रहा परिभाषितः आशा लकड़ा
सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर कोई काम यह सरकार नहीं कर रही. कहा कि जल, जंगल, जमीन की बात करने वाले लोग आज राज्य के जंगलों, बालू, पत्थर को लूटने और लुटवाने में लगे हैं.
उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों के बकाये का भुगतान भी नहीं कर पा रही. श्री महतो के साथ आजसू के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत, भाजपा के पूर्व विधायक रामकुमार पाहन भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें:मांडर उपचुनावः मतदाताओं को रिझाने में लगी राजनीतिक पार्टियां, गिना रही है अपनी अपनी खूबियां




