
Dhanbad : शहर के प्रसिद्ध जालान अस्पताल की पार्किंग से कार का शीशा तोड़कर लगभग एक लाख रुपये और कागजात की चोरी कर ली गयी है. घटना मंगलवार की दोपहर लगभग एक बजे की है. वारदात सीसीटीवी में कैद हो गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें : गढ़वा : साढ़े नौ किलो गांजा के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, लंबे समय से कर रहे थे कारोबार
अस्पताल में पत्नी का हो गया था निधन
बताया जाता है कि भूली आजाद नगर के रहने वाले जाने-माने बिल्डर सह समाजसेवी मुकेश लाल यादव की गाड़ी संख्या BR 01BL 0005 का शीशा तोड़कर अपराधी कार में रखे बैग निकालकर भाग गये. मुकेश यादव जालान अस्पताल अपनी पत्नी का इलाज कराने आये थे, जिनका सुबह निधन हो गया था. मुकेश की पत्नी के निधन की खबर सुन भाई राकेश यादव परिवार के साथ जालान अस्पताल पहुंचे थे. इसी बीच लगभग एक बजे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया.
सूचना मिलते ही धनबाद थाना प्रभारी नवीन कुमार मौके पर पंहुचे और मामले की जांच में जुट गये. मुकेश के भाई राकेश यादव ने बताया कि बैग में कुछ चेक, जमीन के जरूरी कागजात और लगभग एक लाख रुपये नकद थे, जिन्हें अपराधी उड़ा ले गये.
इसे भी पढ़ें : #Social Media पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर मारपीट, एक गुट ने दूसरे गुट के ऊपर लगाया मारपीट का आरोप
सीसीटीवी में दिखे दो अपराधी, पर चेहरा साफ नहीं
थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी को खंगाला जिसमें अपराधी देखे जा रहे हैं. पहले दो लोग आते हैं. जिसमें एक अस्पताल के गेट पर रुकता है, फिर दूसरी तरफ अपराधी कार का शीशा तोड़कर बैग ले जाता दिख रहा है. जांच के बाद अपराधियों की खोजबीन की जायेगी.
इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कमजोर किस्म का लगा हुआ है. जिस कारण सीसीटीवी में अपराधी का चेहरा साफ नजर नहीं आता है. इसका फायदा अपराधी उठाते हैं. जिला प्रशासन को बेहतर क्वालिटी का सीसीटीवी कैमरा लगाना चाहिए जिससे आपराधिक वारदातों में कमी आये.
इसे भी पढ़ें : #Para_Teacher: 90 दिनों में पूरी करनी थी मांग, बीत गये 250 दिन, अब शिक्षक दिवस पर भरेंगे जेल




