
Hazaribagh : पुलिस ने छापामारी अभियान चलाकर अफीम की तस्करी करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक बाइक, आधा केजी अफीम, डेढ़ लाख रुपये कैश और एक मोबाइल बरामद किये हैं.
बता दें कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को हजारीबाग एसपी कार्तिक एस के निर्देश पर बरही डीएसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया. डीएसपी मनीष कुमार, थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने पुलिस जवानों के साथ ग्राम दादपुर में छापामारी अभियान चलाकर चतरा जिले के राजपुर थाना के ग्राम पथेल के अफीम तस्कर इंद्रदेव प्रसाद केसरी को पकड़ा.
डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम दादपुर में एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर बाइक (बीआर02एबी/0990) से अफीम की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए टीम बनाकर ग्राम दादपुर में छापामारी की गयी. छापामारी के दौरान एक हीरो स्प्लेंडर (बीआर02एबी/0990) बाइक जब्त की गयी.
बाइक की तलाशी लेने पर डिक्की से आधा किलो अफीम और एक लाख 50 हजार रुपये कैश तथा सैमसंग मोबाइल बरामद हुए. थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गये तस्कर के विरुद्ध थाना कांड संख्या 466/20 धारा 414/34 भादवि एवं 17(सी)/18(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
जानकारों ने बताया कि उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के घने जंगल में बड़े पैमाने पर पोस्ते की खेती हो रही है. बीहड़ जंगल, रास्ते का अभाव और नक्सल प्रभावित क्षेत्र के कारण पोस्ते की खेती करनेवाले सुरक्षित रहते हैं. चतरा जिले के घने जंगल का लाभ उठाकर अफीम
तस्कर जंगली रास्ते से चौपारण जीटी रोड के लाइन होटलों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अफीम, गांजा, डोडा जैसे कई तरह के मादक पदार्थ का धंधा कर रहे हैं. जीटी रोड के सियरकोनी, सांझा, महानेटांड़, दनुआ, सिलोधर, मुर्तिया, चोरदहा से लाइन होटलों, झुग्गी-झोपड़ियों तथा छोटी-छोटी दुकानों से भी मादक पदार्थ का धंधा तस्कर द्वारा किया जा रहा है.




