
Ranchi. राज्य के आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्रों को और बेहतर करने की तैयारी है. इन केंद्रों में रहने वाले स्टूडेंट्स को आधुनिक जिम की सुविधा मिलेगी. जिम की स्थापना के लिये पहल शुरू हो गयी है. गुमला जिले के इंडोर स्टेडियम स्थित आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में जिम तैयार करने के लिये टेंडर जारी कर दिया गया है. जिसे भी इसका कार्यादेश मिलेगा, उसे 5 सालों तक जिम के रख-रखाव की जिम्मेदारी भी लेनी होगी.
इसे भी पढ़ें : ये बिहार पुलिस है, मंत्री की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं करती
जिम में मिलेंगी ये सुविधाएं
जिला खेल पदाधिकारी द्वारा जारी विज्ञापन के मुताबिक आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र में कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करायी जानी है. इनमें डायनेमिक साइक्लिंग बाइक, शोल्डर प्रेस मशीन, लेग प्रेस मशीन, एयर रेजिस्टेंस बाइक, लेट पुल डाउन (Lat Pull Down), स्टेशंस जिम इक्विपमेंट, चेस्ट प्रेस मशीन, पुशअप्स बार, स्टेबिलिटी बॉल, एडजस्टेबल बेंच प्रेस, इन्क्लाइंड बेंच प्रेस, पुल-अप रॉड, रॉड फॉर बेंच प्रेस, प्लेट्स, डंब बॉल, ट्रेडमिल और ऐसे ही अन्य उपकरण लगाये जाने हैं. इसके अलावे फूल बॉडी मसाजर चेयर और मेडिसिन बॉल की भी व्यवस्था होगी.
तीन वर्ष का अनुभव जरूरी
मॉडर्न जिम के लिये टेंडर डालने से पूर्व संस्थानों, एजेंसियों को इस तरह के काम का 3 सालों का अनुभव होना चाहिये. सरकारी विभाग, स्कूल, कॉलेज, खेल प्रशिक्षण केंद्रों में जिम अधिष्ठापन (Gym Installation) संबंधी रिकॉर्ड की कॉपी जरूरी है. किसी भी सरकारी विभाग, लोक उपक्रम द्वारा उसे काली सूची में नहीं डाला गया हो, इसका स्व-अभिप्रमाणित शपथ पत्र देना होगा. एजेंसी, संस्थानों की सालाना लेन देन की क्षमता एक करोड़ रुपये होनी चाहिये. 20 अगस्त, 2021 तक टेंडर डाले जा सकते हैं. विस्तृत जानकारी https://www.gumla.nic.in से ली जा सकती है.
इसे भी पढ़ें : सरयू की अगुवाई में विधानसभा समिति की अनुशंसा, भद्रकाली व कौलेश्वरी मंदिर को टूरिस्ट सेंटर के तौर पर विकसित करे सरकार




