
Ranchi: रविवार को राजधानी के हरिओम टावर के चौथे तल्ले से कूदकर एक 30 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली. युवती पंडरा की रहनेवाली है. लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना लालपुर थाना को दी. लालपुर थाना की पुलिस ने शव को शुरुआती तफ्तीश के बाद पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. पुलिस अब मामले की छानबीन में जुटी है. बताया जाता है कि युवती पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में थी.
छात्रों ने की थी महिला को रोकने की कोशिश
लालपुर थाना प्रभारी ने बताया कि सुबह 7.45 बजे कुछ छात्रों ने तीसरी मंजिल के किनारे रेलिंग के पास युवती को खड़ा देखा. युवती के हावभाव देखकर छात्रों को कुछ शक हुआ. उन्होंने युवती से बात करने की कोशिश की और उसे रेलिंग के पास से हट जाने के लिए कहा. इस बीच युवती ने एक बार कूदने की भी कोशिश की. लेकिन छात्रों ने उसे किसी तरह रोक लिया. छात्रों को अपने पीछे देखकर युवती तीसरी मंजिल से दौड़ते हुए चौथी मंजिल पर पहुंची और वहां से उसने छलांग लगा दिया. इससे उसकी जान चली गई.
हरिओम टावर में होते रहे हैं हादसे
– 5 अक्टूबर 2016 को हरिओम टावर से कूदकर एक छात्रा ने आत्महत्या की कोशिश की थी. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया था.
– 27 दिसंबर 2015 को हरिओम टावर के चौथे तल्ले से ही गिरकर आरती पासवान नाम की एक युवती की मौत हो गई थी. वो लालपुर में किराए के कमरे में रहती थी.




