
Deoghar : बुधवार को देवघर नगर निगम के नगर आयुक्त सह प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल ने प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना की समीक्षा की. नगर आयुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक के साथ बैठक में प्रधानमंत्री स्वानिधि योजना की समीक्षा करने के बाद नगर आयुक्त ने बताया की अभी तक देवघर नगर निगम में 2505 पथ विक्रेताओं ने इस योजना का अंतर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन माध्यम से आवेदन दिया था.
जिसमें से सिर्फ 916 पथ विक्रेताओं को बैंकों द्वारा इस कार्यक्रम के अंतर्गत ऋण प्रदान किया गया है. जबकि 277 आवेदन अभी तक विभिन्न बैंकों में लंबित हैं. 1035 आवेदनों को बैंकों द्वारा रद्द कर ऑनलाइन माध्यम से लौटा दिया गया है.
उन्होंने कहा कि यह बैंकों के इस योजना के प्रति असहयोगात्मक रवैये का प्रतिक है. नगर आयुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक से अपने स्तर से बैंकों को निदेशित करते हुए सभी लंबित आवेदनों को तत्काल निष्पादित करवाने की बात कही.
उन्होंने आवेदकों को तत्काल ऋण दिलवाना सुनिश्चित का निर्देश दिया. ताकि पथविक्रेता पुनः अपनी आजीविका शुरू कर सकें. साथ ही शाखा प्रबंधक अपने अपने शाखा के अस्वीकृत कर लौटाए गए आवेदनों की पुनः समीक्षा करते हुए इच्छुक आवदेकों को ऋण प्रदान करना सुनिश्चित करें.
इस योजना में बैंकों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है। तभी विभागीय निदेश के अनुसार 15 अगस्त के पूर्व लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है. नगर आयुक्त ने बैंकों से अनुरोध किया गया कि वैसे पथ विक्रेता, जिन्होंने प्रथम किस्त की राशि वापस कर दी है. द्वितीय किस्त के रूप में 10000 रूपये की राशि प्रदान करना सुनिश्चित करें.
अग्रणी जिला प्रबंधक आरपीएन सहाय ने कहा कि सभी बैंकों एवं बैंकिंग कोऑर्डिनेटर को नगर मिशन प्रबंधक कौशल किशोर के साथ बैठक कर निदेशित किया जा चूका है एवं बैंकों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. नगर आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सामुदायिक संगठनकर्ता, सामुदायिक संसाधन सेविओं को निदेश दिया की लाभुकों को बैंकों तक नियमित रूप से ले जाना सुनिश्चित करें.
बैठक में सामुदायिक संगठनकर्ता कुमारी अलका, स्वेता कुमारी, स्मिता, सविता देवी तथा सभी सामुदायिक संसाधन सेवी उपस्थित थे.




