
Ranchi : राजधानी रांची में चेन स्नेचिंग की घटना बढ़ गई है. आए दिन अपराधी महिलाओं को निशाना बना रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी देख रही है. कार्रवाई नहीं होने पर उचक्कों का मनोबल बढ़ा हुआ है. ताजा मामला हिनू इलाके का है. शनिवार सुबह बाइक सवार अपराधियों एक बुजुर्ग महिला से झीना झपटी कर उसके गले की चेन और कान में पड़ी एक सोने की बाली छीन कर फरार हो गए. हादसा उस समय हुआ जब महिला सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही थीं. जैसे ही वो डोरंडा इलाके के पॉश एरिया हीनू रजिस्ट्री ऑफिस के समीप पहुंची तो ब्लैक बाइक पर सवार दो अज्ञात लुटेरों ने झपटा मारकर उनके गले की चेन और एक कान की बाली छीन कर फरार हो गए. महिला ने शोर तो मचाया लेकिन लोगों के वहां पहुंचने से पहले ही लुटेरे काफी दूर जा चुके थे.
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत के नेतृत्व में कल गृहमंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल, सरना कोड व जातीय जनगणना पर होगी चर्चा
पीड़ित महिला डोरंडा थाना क्षेत्र के फिरदौस नगर ईमाम बाड़ा के पास की रहने वाली है. महिला साबरा खातून की उम्र 60 वर्ष है. उन्होंने बताया कि सोने की चेन की कीमत 80 हजार रुपये और कान की 1 बाली की कीमत लगभग 15 हजार रुपए की थी. इस मामले में डोरंडा थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि फिलहाल महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं की है. पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली है और पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है. उन्होंने बताया कि अपराधियों को चिन्हित करने के लिए पुलिस घटनास्थल पर गई है और अपराधियों की तलाश में जुट गई है.




