Uncategorized

अन्ना के अनशन के दौरान बजता रहेगा तबला!

देवघर (झारखण्ड), 26 दिसम्बर | समाजसेवी अन्ना हजारे एक तरफ मंगलवार को मुम्बई के एमएमआरडीए मैदान में तीन दिनों के लिए जन लोकपाल के लिए अनशन पर बैठेंगे, वहीं झारखण्ड के देवघर में उनका एक समर्थक उनके अनशन तक अनवरत तबला बजाकर उनके आंदोलन का समर्थन करेगा। 

तबला वादन के क्षेत्र में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्डस में अपना नाम दर्ज करवा चुके देवघर के रहने वाले राकेश परिहस्त अपने कुछ साथी कलाकारों के अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ अन्ना के अनशन के प्रारंभ होने के साथ तबला बजाना शुरू करेंगे और उनका तबला तब तक बजता रहेगा जब तक कि अन्ना का अनशन समाप्त नहीं हो जाएगा।

वर्ष 2006 में मुम्बई में 50 घंटे, एक मिनट तक लगातार तबला बचाने के कारण लिम्का बुक में अपना नाम दर्ज करवा चुके राकेश का कहना है कि अन्ना के जन लोकपाल विधेयक का समर्थन सबको करना चाहिए। जब वह 76 वर्ष की उम्र में देश के लिए अनशन कर रहे हैं तो सबको अपनी तरह से उनका समर्थन करना चाहिए। वह कहते हैं कि उनका अनशन देवघर के वीर कुंवर सिंह चौक पर होने वाला था, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी।

राकेश के एक मित्र ने आईएएनएस को बताया कि राकेश के तबला वादन के साथ अनशन के लिए प्रशासन से आऱ मित्रा विद्यालय के मैदान की मांग की गई है, उन्हें आशा है कि जिला प्रशासन इसके लिए अनुमति दे देगा। वह कहते हैं कि अनशन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अन्ना को मिलने वाला यह अलग तरह का समर्थन होगा।

उल्लेखनीय है कि प्रख्यात तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन के साथ समय बिता चुके राकेश वर्ष 2002 में 25 घंटे 5 मिनट तथा वर्ष 2004 में 36 घंटे, 20 मिनट तक अनवरत तबला बजा चुके हैं।

–  मनोज पाठक, आईएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button