JharkhandPalamu

हाइवा में मिली लाश, चार घंटे सड़क जाम, कार्रवाई और मुआवजा का आश्वासन

Palamu: डालटनगंज-रांची एनएच 39 सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल पेट्रोल पंप के पास लगे हाइवा (जेएच01बी एक्स 8022) में एक युवक की लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गयी. शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए और शव के साथ एनएच को जाम कर दिया. जाम करीब चार घंटे तक रहा. सूचना पाकर प्रखंड प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को समझाकर जाम हटवाया. इस दौरान ग्रामीणों को उचित जांच कर कार्रवाई करने और सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया गया. पोलपोल मुखिया उर्मिला देवी द्वारा शव के दाह संस्कार के लिए पीड़ित परिवार को 10 हजार रूपये नगद सहायता राशि दी.

इसे भी पढ़ेंः झारखंड कैडर आईएएस में भी चार लॉबी, एक्शन, रिएक्शन और इमोशन से भरपूर

क्या है मामला ?

जानकारी के अनुसार सतबरवा थाना क्षेत्र के खाम्डीह गांव के मलय नदी के पास हाइवा धोने के क्रम में हाइवा लुढक गया, जिसकी चपेट में आने से 20 वर्षीय पोलपोल निवासी सनोज भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक उसी हाइवा में खलासी का काम करता था. आरोप है कि ड्राइवर ने आनन-फानन में शव को हाइवा में ही डाल कर पोलपोल के एक पेट्रोल पंप पर वाहन को खड़ा कर खुद फरार हो गया. बाद में ग्रामीणों ने जब शव देखा तो भड़क गए और सड़क पर उतर गए. तीन से चार घंटे तक जाम रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हुई. कई यात्री बसों के अलावा मालवाहक वाहन जाम में फंसे रहे.

इसे भी पढ़ेंः बोकारो भवन निर्माण विभाग की स्थिति दयनीय, तीन अवर प्रमंडलों में मात्र एक सहायक अभियंता

सुबह में ही युवक गया था काम पर

ग्रामीणों ने जानकारी दी कि सुबह करीब सात बजे अर्जुन उर्फ साधु पासवान मृत सनोज को काम पर ले गया था. सनोज और अर्जुन बोहिता माइंस में काम करते हैं. अर्जुन चालक का काम करता है, जबकि सनोज खलासी का काम करता था. हाइवा सतबरवा निवासी बबन राम का बताया गया है. ग्रामीणों ने जानकारी दी कि जिस हाइवा से सनोज काम करने गया था, उसे चलाकर अर्जुन की जगह बबन आया और पेट्रोल पंप पर लगाकर फरार हो गया. काफी देर बाद जब हाइवा से सनोज नहीं उतरा तो उसकी खोजबीन की गयी. सनोज का शव हाइवा में चालक सीट के बगल में पाया गया. शव पर वाहन के चढ़ने के निशान भी पाए गए हैं.
मौके पर पहुंचे सदर बीडीओ जय कुमार और सतबरवा थाना प्रभारी नवीन प्रसाद ने ग्रामीणों को समझाया और जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. थाना प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी और जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. इसके बाद ग्रामीण जाम हटाने को तैयार हुए.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button