
Deoghar: महाशिवरात्रि को लेकर मंगलवार के दिन बाबा बैद्यनाथ व माता पार्वती मंदिर के शिखर से पंचशूल उतारा गया. इसके पूर्व अन्य सभी मंदिरों के पंचशूल को भी उतार कर मंदिर कार्यालय में रखा गया. मंगलवार दोपहर को मंदिर के भंडारी ने दोनों मंदिरों के पंचशूल को उतारा. इस दौरान पंचशूल को स्पर्श करने के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही.
परंपरा के अनुसार महाशिवरात्रि के दो दिन पूर्व बाबा बैद्यनाथ व माता पार्वती मंदिर के पंचशूल को उतारा जाता है. सभी पंचशूलों की सफाई की जाती है. बुधवार को सभी पंचशूल की विधिवत पूजा कर मंदिर के शिखर पर लगाया जाएगा.
पंचशूल उतरने के बाद बाबा व पार्वती मंदिर का गठबंधन भी बंद हो गया. अब पंचशूल लगने के बाद ही गठबंधन शुरू होगा.
हर साल शिवरात्रि के दो दिन पूर्व दोनों मंदिरों से पंचशूल उतार कर उसकी सफाई व विशेष पूजा कर मंदिर के शिखर पर लगाया जाता है. यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है.
मौके पर डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसपी अश्विनी सिन्हा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.




