
New Delhi: आर्थिक मंदी के कारण ऑटो सेक्टर में आयी भारी गिरावट से ये सेक्टर उबर भी नहीं पाया था कि कोरोना वायरस का असर इसकी कमर तोड़ रहा है. गाड़ियों के पार्ट्स संबंधित आपूर्ति बाधित होने के कारण ऑटो सेक्टर में फिर से भारी गिरावट देखी गयी है.
भारत की दिग्गज ऑटो कंपनियों की फरवरी महीने की बिक्री में भारी गिरावट आई है. महिंद्रा एंड महिंद्रा की बिक्री में 42 फीसदी तो टाटा की बिक्री में 34 फीसदी की भारी गिरावट आई है.
इसे भी पढ़ेंः6th jpsc : ना परीक्षा रद्द करने का फैसला हुआ है और ना ही महाधिवक्ता से कोई राय ली गई
महिंद्रा एंड महिंद्रा के सेल में 42% की गिरावट
चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने से इंडियन ऑटो मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर पर असर पड़ने लगा है. टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एमजी मोटर इंडिया जैसी वाहन कंपनियों ने रविवार को कहा कि चीन से कल-पुर्जों की आपूर्ति बाधित होने से दिक्कतें आने लगी हैं.
हालांकि मारुति सुजुकी, हुंदै और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर जैसी वाहन कंपनियों को उत्पादन पर फिलहाल कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है.
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के मार्केटिंग और सेल्स हेड (ऑटो सेक्शन) विजय राम नाकरा ने एक बयान में कहा, ‘चीन से कल-पुर्जों की आपूर्ति में आ रही बाधाओं के कारण बीएस-6 वाहनों का उत्पादन प्रभावित हुआ है.’
उन्होंने कहा कि इसका असर वाहनों के भंडार पर पड़ा है और अभी डीलरों के पास बमुश्किल 10 दिनों की मांग की पूर्ति के लायक वाहन बचे हैं.
नाकरा ने कहा, ‘मार्च में स्थितियों के सामान्य होने से पहले कुछ सप्ताह तक कल-पुर्जों की आपूर्ति में बाधाएं जारी रहने का अनुमान है.’
कंपनी की कुल बिक्री फरवरी महीने में 42 प्रतिशत गिरकर 32,476 इकाइयों पर आ गयी है.
इसे भी पढ़ेंः#Budget_Session का दूसरा चरण सोमवार से, संसद में दिल्ली हिंसा को लेकर कांग्रेस मांगेगी अमित शाह का इस्तीफा
टाटा की बिक्री में 34 फीसदी की आयी कमी
टाटा मोटस लिमिटेड के प्रमुख (यात्री वाहन कारोबार) मयंक पारीक ने कहा कि चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण तथा एक महत्वपूर्ण वेंडर के संयंत्र में आग लगने से वाहनों का उत्पादन तथा थोक बिक्री पर असर पड़ा है.
कल-पुर्जों की आपूर्ति बाधित होने से एमजी मोटर इंडिया की बिक्री भी फरवरी में महज 1,376 इकाइयां रही है. टाटा मोटर्स की फरवरी की बिक्री में 34 प्रतिशत की गिरावट आयी है. टाटा मोटर्स ने बताया कि फरवरी में उसने घरेलू बाजार में महज 38,002 वाहन बेचे हैं. कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 57,221 वाहन बेचे थे.
कंपनी के सेल्स डायरेक्टर राकेश सिदाना ने एक बयान में कहा, ‘एमजी जेडएस ईवी को बाजार में उतारे जाने के पहले महीने में ही शानदार प्रतिक्रिया मिली है और हम पहले ही उपभोक्ताओं को इसकी 150 से अधिक इकाइयों की आपूर्ति कर चुके हैं.’
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कंपनी की सूरोप व चीन की आपूर्ति प्रभावित हुई है. इससे फरवरी में उत्पादन तथा बिक्री पर असर पड़ा है.
उन्होंने कहा कि मार्च में भी बिक्री पर असर बना रहेगा. उन्होंने कहा, ‘हम स्थिति संभालने का प्रयास कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि मार्च अंत तक स्थितियां सामान्य हो जाएंगी.’
इनसे उलट मारुति सुजुकी, हुंदै और टोयोटा किर्लोस्कर ने कहा है कि उन्हें चीन स्थित संयंत्रों से कल-पुर्जों की आपूर्ति बाधिक होने के कारण उत्पादन पर फिलहाल कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है. हालांकि इन कंपनियों ने कहा है कि वे स्थिति पर विशेषकर प्रमुख आपूर्तिकताओं पर कड़ी निगाहें बनाये हुए हैं, ताकि यदि भविष्य में कोई प्रतिकूल परिस्थिति सामने आये तो उसका सामना किया जा सके.
इसे भी पढ़ेंःलोहरदगा हिंसा : पीड़ित परिवारों से मिले बाबूलाल, हाई कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित कमिटी से जांच की मांग




