
Amit jha
Ranchi : झारखंड में पिछले 5 सालों से हर साल तक़रीबन 2000 लोग फ़रवरी-अप्रैल के बीच विदेश यात्रा का आनंद लेने निकलते रहे हैं. इसके लिए जनवरी बीतने के साथ ही ट्रेवल एंड टूर एजेंसियों के जरिये देश से बाहर या देश में ही दूसरे ट्रेवल स्पॉट पर जाने का प्रोग्राम बनाया जाने लगता है. पर इस बार दुनियाभर में कोरोना महामारी ने सबों को अपने-अपने घरों में सिमटने को विवश कर दिया है.
रांची में टूरिज्म इंडस्ट्रीज से जुड़ी कंपनियों के पास 500 से भी अधिक टूरिस्टों ने विदेश यात्रा संबंधी प्रोग्राम रद्द कर पैसे वापस ले लिए हैं. विदेश यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति औसतन 60 से 75 हजार तक का खर्च आता है. जबकि अपने ही देश में टूरिस्ट स्थानों पर जाने में लगभग 50 हजार तक का खर्च आता है.
जाहिराना तौर पर कोरोना संकट के कारण टूरिस्ट इस बार कहीं बाहर निकलनेवाले नहीं. और ऐसे में टूरिज्म सेक्टर को करोड़ों का नुकसान हो चुका है.
इसे भी पढ़ेंः धनबाद : बैंकों से पैसा निकालने के लिए उमड़ी भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ रही है धज्जियां, बैंक और प्रशासन बना मूक
एक से डेढ़ साल पीछे गया टूरिज्म सेक्टर
स्काइलाइन ट्रेवल्स, रांची की प्रमुख सोनी मेहता पिछले 25 सालों से टूरिज्म सेक्टर से जुडी हैं. बताती हैं कि केवल रांची से ही पिछले पांच सालों से हर साल 1500 से 2000 लोग सपरिवार विदेश यात्रा पर निकलते रहे हैं. इनमें प्रशासनिक पदाधिकारियों से लेकर एडवोकेट, प्रोफ़ेसर, लेक्चरर के अलावा बिजनेसमैन और अन्य लोग भी शामिल रहते हैं. इसके अलावा जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और झारखंड के प्रमुख शहरों से भी लोग देश से बाहर निकलते हैं. यूरोप, साउथ ईस्ट एशिया उनकी पसंदीदा सूची में शामिल रहता है.
पर दुनियाभर में कोरोना महामारी के संकट के कारण लोग टिकट वापस करा चुके हैं. 150 से भी अधिक लोग ऐसे हैं जिन्होंने स्काइलाइन ट्रेवल्स से संपर्क कर टूर प्रोग्राम को कैंसिल कर अपने पैसे वापस ले लिए हैं. इसी तरह से दूसरी ट्रेवल कम्पनियों के पास भी आवेदन आ चुके हैं. पिछले 2-3 माह से विदेश से लौटे 80 फीसदी से भी अधिक लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं.
ऐसे में लोगों को अब विदेश यात्रा से डर लगने लगा है. जो स्थिति है, इस साल लोग इससे बचेंगे. अगले 1 से देश साल के लिए टूरिज्म सेक्टर पीछे चला गया है.
इसे भी पढ़ेंः भारत को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से मिली चेतावानी उसके अहंकार का ही परिचायक है
साउथ ईस्ट एशिया है झारखंड के लोगों की पहली पसंद
ट्रेवल एजेंसियों के अनुसार बच्चों के स्कूली एग्जाम और होली वगैरह से फ्री होते ही लोग झारखंड से विदेश यात्रा पर निकलने लगते थे. 70 फीसदी से भी अधिक लोग साउथ ईस्ट एशिया पर जाना पसंद करते हैं. इनमें मुख्य रूप से सिंगापूर, थाईलैंड, लाओस, म्यांमार, बाली, वियतनाम, हांगकांग आदि जैसे देश प्रमुख हैं. यहां का टूर प्रोग्राम उन्हें बजट में सूट करता है.
कुछ लोग इसके अलावा यूरोप की यात्रा पर भी जाते हैं. देश में केरल, गोवा, जम्मू कश्मीर जैसे राज्यों में घूमना लोग पसंद करते हैं. साउथ ईस्ट एशिया में कोरोना का केंद्र बनने की ख़बरों ने टूरिस्टों का विश्वास हिला दिया है. झारखंड में टूरिज्म सेक्टर से जुड़े लोगों को आशंका है कि अगले 1-2 सालों तक लोग उधर का प्रोग्राम नहीं बनायेंगे.
ट्रेवल एजेंट से लेकर छोटे कारोबारियों तक को नुकसान
केवल रांची में ही 150 से अधिक ट्रेवल एजेंट हैं जो टूरिस्टों के लिए विदेश यात्रा संबंधी कार्यक्रम हेतु टिकट वगैरह बनाते हैं. इसके अलावा विभिन्न एयरलाइन्स कंपनियां, वीजा प्रोवाइडर, विदेशों में टूरिस्टों के लिए होटल सेवा प्रदाता, टूरिस्ट गाइड, वेंडर्स से लेकर कपड़े, खिलौने और अन्य सामग्रियां बेचनेवाले छोटे बड़े लाखों लोग शामिल होते हैं.
पर्यटन उद्योग ने ये मांग की है
कोरोना आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए टूरिज्म सेक्टर के लोगों ने कर्ज अदायगी में 6 महीने की राहत मांगी है. इसके अलावा जीएसटी में एक साल की छूट मांगने के अलावा इस क्षेत्र के लिए विशेष कोष बनाने की मांग की है.
भारतीय वाणिज्य परिसंघ (आईसीसी) के महानिदेशक राजीव सिंह के अनुसार इस साल की बुकिंग में 20 प्रतिशत तक की कमी आ चुकी है. केंद्र सरकार पर्यटन कंपनियों को 6 महीने के लिए इएमआई में राहत के अलावा अन्य तरीके से भी राहत दे.
इसे भी पढ़ेंः JVBNL की वसूली घटीः 300 करोड़ की जगह हुई 46 लाख की बिलिंग और वसूली भी सिर्फ 22 लाख




