
Dehradun : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस किसान व मजदूरों के साथ है और मोदी पूंजीपतियों के साथ. राहुल ने कहा कि 72 हजार से कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ रहा है. उत्तराखंड में आज राहुल गांधी ने यह बात कही. बता दें कि आज राहुल उत्तराखंड की तीन लोकसभा सीटों पौड़ी, अल्मोड़ा और हरिद्वार में चुनावी शंखनाद करने पहुंचे हैं. राहुल गांधी अल्मोड़ा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा, पौड़ी में मनीष खंडूड़ी और हरिद्वार में अम्बरीष के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे. पौड़ी जिले के श्रीनगर के जीआईएंडटीआई मैदान में आयोजित सभा में राहुल ने रोजगार, चौकीदार, अंबानी, अडानी और राफेल के मुद्दे उठाये.
राहुल ने कहा कि मोदी के सारे वादे झूठे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश से गरीबी पूरी तरह से खत्म करने का लक्ष्य रखा है. पीएम मोदी का 15 लाख रुपये देने का वादा झूठा निकला. कांग्रेस 12 हजार से कम आमदनी वाले गरीबों को 72 हजार रुपये सालाना देगी. पांच साल में सभी के अकाउंट में सीधे 3 लाख 60 हजार दिए जायेंगे. उन्होंने कहा कि गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक की जायेगी. कहा कि मोदी ने नोटबंदी कर गब्बर टैक्स लगाया. इससे देश के विकास का इंजन बंद हो गया.
इसे भी पढ़ेंः कांग्रेसी नेता व अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कहा, मोदी के नेतृत्व में हिंदू सबसे हिंसक धर्म बन गया है
पांच साल में मोदी ने बेरोजगारों के लिए क्या किया
राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार छोटे कारोबारी पैदा करते हैं, लेकिन उन पर गब्बर सिंह टैक्स लगा दिया गया है; हम आये तो गब्बर सिंह टैक्स को खत्म करेंगे. आज युवा छोटा बिजनेस शुरू करना चाहता है, लेकिन इसके लिए उसे रिश्वत देनी पड़ती है. हमारी सरकार 3 वर्ष तक कोई टैक्स नहीं लेगी. हमने घोषणापत्र में लिखा कि किसान को कर्ज न दे पाने पर उन्हें जेल नहीं भेजेंगे. राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा मेहुल चौकसी और नीरव मोदी को जेल नहीं तो किसान को भी जेल नहीं होगी. सबको रोजगर मिले हम ऐसा हिंदुस्तान चाहते हैं. राहुल गांधी ने जनता से पूूूूछा कि बताओ पांच साल में मोदी ने बेरोजगारों के लिए क्या किया.
उन्होंने पौड़ी की जनता से चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की और उत्तराखंड की सभी पांचों प्रत्याशियों को जिताने की अपील की. करीब 20 मिनट भाषण देने के बाद राहुल अल्मोड़ा में होने वाली जनसभा रवाना हो गये.




