
Ranchi: राज्य में इन दिनों विधायकों की खरीद फरोख्त मामले को लेकर राजनीतिक तपिश तेज है. राज्य सरकार गिराने के प्रयास के आरोप में तीन लोगों की गिरफ्तारी झारखंड पुलिस ने अब तक की है. कहा जा रहा है कि वे एक दर्जन विधायकों के संपर्क में थे. इसमें से हाल में दिल्ली गये तीन कांग्रेसी विधायकों पर संदेह के बादल मडरा रहे हैं. इन सबके बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने चुप्पी साध रखी है. मंगलवार को भी प्रोजेक्ट भवन में कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों के सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया. इस विषय पर अभी कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.
इसे भी पढ़ें :झारखंड: राज्यकर्मियों का डीए 11 % बढ़ा, जमीन रजिस्ट्री हुई महंगी, गाड़ियों पर भी टैक्स बढ़ा
जारी है पुलिसिया जांच
रामेश्वर उऱांव ने कहा कि विधायकों की खरीद फरोख्त के मामले में पुलिस संदिग्धों को पकड़ चुकी है. उसने मामले को अपने हाथों में ले लिया है. उसके स्तर से जांच जारी है. ऐसे में अभी इस पर कुछ भी कहना ठीक नहीं है. जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहना ठीक होगा. उम्मीद है कि जल्द ही जांच पूरी हो जायेगी और दोषियों की पहचान हो जायेगी.
झामुमो ने भी रखा है मौन
गौरतलब है कि 26 जुलाई को झामुमो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था. इस दौरान उसने कहा था कि उनकी पार्टी के विधायक एकजुट हैं. उनकी पार्टी के किसी विधायक से किसी भी बिचौलिये, एजेंट ने संपर्क नहीं किया था.
कांग्रेस के कुछ लोगों पर सवाल उठने की चर्चा सामने आ रही है. पार्टी इस केस को देख रही होगी. अब इस केस में पुलिस अपने स्तर से जांच में लगी हुई है. ऐसे में इस घटनाक्रम के विषय में अभी कुछ कहना ठीक नहीं.
इसे भी पढ़ें :बिहार पंचायत चुनाव : बोगस वोटिंग पर लगेगी रोक, हर मतदान केंद्र पर होगी बायोमेट्रिक मशीन
पुलिस की गिरफ्त में हैं तीन अभियुक्त
पुलिस ने पिछले दिनों रांची के एक होटल से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. इनमें निवारण महतो, अमित सिंह (दोनों बोकारो) और अभिषेक दुबे (पलामू) शामिल हैं. इन पर राजद्रोह, देशद्रोह जैसे केस भी दर्ज किये गये हैं. फिलहाल पुलिस तीनों से सच्चाई का पता लगाने को अपने स्तर से जानकारी जुटा रही है.
इसे भी पढ़ें :पेगासस पर सर्वदलीय बैठक बुलायें पीएमः ममता बनर्जी




