
Gorakhpur: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का कहना है कि जनसंख्या की वजह से राज्य में बेरोजगारी बढ़ी है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की ‘एक जिला, एक प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) योजना से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र में 5 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा.
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, लखनऊ में कुछ गिने-चुने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आबादी बढ़ी है, और इस वजह से बेरोजगारी भी बढ़ी है.”
इसे भी पढ़ेंःहेल्थ वर्कर्स को कमलनाथ सरकार का फरमानः कम-से-कम एक पुरूष की कराओ नसबंदी, वरना जायेगी नौकरी
गौरतलब है कि 2011 की जनगणना के अनुसार राज्य की कुल आबादी करीब 20 करोड़ थी. वहीं राज्य में जून 2018 के बाद बेरोजगारों की संख्या में 60 प्रतिशत की वृद्धि पायी गई. बेरोजगारों की संख्या 34 लाख बढ़ी है.
योजनाओं को जनता से जोड़े- सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक अलग कार्यक्रम में कहा कि शासन की योजनाओं को जनता से जोड़ें क्योंकि जब जनता किसी योजना से जुड़ती है, उसे अपना मानती है, तभी उसका असर बड़ा होता है.
उन्होंने कहा कि गांवों में युवाओं के विकास के लिए खेलकूद के मैदान और ओपन जिम विकसित किए जा रहे हैं. इसके माध्यम से बच्चे स्वस्थ रहेंगे और समाज तथा सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा हमारी ऊर्जा के प्रतीक हैं. उनके लिए प्रदेश सरकार ने कई कार्यक्रम लागू किए हैं. पिछले ढाई साल में दो लाख 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है.
योगी गीडा के गैलेंट इस्पात की तरफ से गोद लिए गए पूर्व माध्यमिक विद्यालय, ग्राम बसिया व द्रोपदी देवी गीता देवी विद्यालय, लुचुई के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे.
इसे भी पढ़ेंः#Bengaluru में ओवैसी के मंच पर PAK समर्थित नारेबाजी लगाने वाली लड़की गिरफ्तार, 14 दिनों के लिए भेजी गयी जेल
बेरोजगार युवाओं को ढाई हजार रुपये प्रति माह
इस दौरान उन्होंने कहा कि हम युवाओं का कौशल निखार रहे हैं. इससे देश और दुनिया में जहां भी रोजगार की सम्भावनाएं बनेंगी, उन्हें रोजगार प्राप्त हो सकेगा.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए एक नई योजना की शुरुआत की है, जिसमें प्रत्येक उद्योग अपने क्षेत्र से जुड़े आईटीआई या कौशल विकास केन्द्र को अपने साथ जोड़ेगा और युवाओं को अप्रेंटिसशिप देगा. इसके लिए सरकार द्वारा चिन्हित युवाओं को ढाई हजार रुपये प्रतिमाह का आर्थिक सहयोग भी दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास और वोकेशनल शिक्षा से जुड़े युवा आर्थिक स्वावलंबन की तरफ बढ़ें, इसके लिए प्रत्येक जनपद में अप्रेंटिस योजना के लिए युवा हब बनाने की सरकार ने बजट में व्यवस्था की है. इसके साथ ही 40 लाख से अधिक युवाओं को प्रदेश में हुए निवेश और परंपरागत उद्यमों में रोजगार के साथ जोड़ा गया है.
योगी ने कहा कि सरकार द्वारा विकास की योजनाओं में तेजी लाने और ढांचागत विकास के कार्यक्रमों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार बेसिक शिक्षा परिषद के एक करोड़ 80 लाख बच्चों को यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, स्वेटर आदि उपलब्ध करा रही है. एक लाख 20 हजार से अधिक बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों को कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंःकेंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का विवादित बयान, कहा-‘1947 में ही सभी मुस्लिमों को भेजा देना चाहिए था पाकिस्तान’




