JharkhandLead NewsNationalRanchiTOP SLIDER

सीएम हेमंत की केंद्र से अपील, उग्रवाद प्रभावित जिलों के लिये बनाये रखें आर्थिक सहयोग

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 6 राज्यों के सीएम औऱ 4 राज्यों के अफसरों के साथ की बैठक

New Delhi/Ranchi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 6 राज्यों के मुख्यमंत्रियों और चार राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा की स्थिति और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रविवार को समीक्षा की. उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा स्थिति और माओवादियों के खिलाफ चल रहे अभियानों तथा विकास परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली.

राज्यों की जरूरतों, उग्रवादियों से निपटने के लिए तैनात बलों की संख्या, नक्सल प्रभावित इलाकों में किए जा रहे सड़कों, पुलों, विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण जैसे विकास कार्यों का भी जायजा लिया.

इसे भी पढ़ें : गणिनाथ सेवा संस्थान के रक्तदान शिविर में शामिल हुए सांसद

हेमंत ने नक्सल जिलों की संख्या घटाये जाने पर जतायी आपत्ति

बैठक में मौजूद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के नक्सल जिलों की संख्या घटाये जाने पर आपत्ति जतायी. इसके साथ ही केंद्र से उग्रवाद प्रभावित जिलों को विकास योजनाओं के लिए फंड का आवंटन बनाये रखने का भी अनुरोध किया. साथ ही राज्य में उग्रवाद प्रभावित जिलों में राज्य सरकार के स्तर से किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराया. वहीं, जातीय जनगणना मामले पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी.

इसे भी पढ़ें :  सिमडेगा के हॉकी खिलाड़ियों को स्मार्ट बनाने की राह पर बढ़ा हॉकी सिमडेगा

ये शामिल हुए बैठक में

बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाग लिया. बैठक के लिए पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और केरल के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया था.

इसे भी पढ़ें :  पटमदा के विश्वनाथ ने लीज की जमीन पर खेती कर खरीदी कार, अब परिवार है खुशहाल

भाजपा के साथ सीएम ने केंद्र से की जनगणना की मांग

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को ही गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, वामदलों से विधायक विनोद सिंह, पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता, पूर्व विधायक अरूप चटर्जी और अन्य भी थे.

इस मौके पर सीएम हेमंत ने गृहमंत्री से कहा कि झारखंड विधानसभा से राज्य में जातिगत जनगणना के प्रस्ताव पर सहमति बन चुकी है. सभी दल इसके पक्ष में हैं. राज्यहित में इस दिशा में कदम उठाया जाये.
अमित शाह ने इस पर कहा कि सैद्धांतिक तौर पर जातिगत जनगणना संभव है पर इसमें तकनीकी समस्या भी है. इस मसले पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है.

 

चार स्थानों में सिमटे नक्सली

मुख्यमंत्री ने कहा कि उग्रवादी संगठनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. इन अभियानों के फलस्वरूप राज्य में उग्रवादियों की उपस्थिति मुख्य रूप से पारसनाथ पहाड़, बूढ़ा पहाड़, सरायकेला, खूंटी, चाईबासा, कोल्हान क्षेत्र तथा बिहार सीमा के कुछ इलाके तक सीमित रह गई है. वह दिन दूर नहीं जब इन स्थानों से भी वामपंथी उग्रवाद का सफाया किया जा सकेगा.

मुख्यधारा में वापस लाने का हो रहा प्रयास

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2020 तथा 2021 के अगस्त तक 27 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण भी किया है. राज्य की आत्मसमर्पण नीति का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है. कम्युनिटी पुलिसिंग के द्वारा भटके युवाओं को मुख्य धारा में वापस लाने का प्रयास हो रहा है.

राशि की मांग करना व्यावहारिक नही

मुख्यमंत्री ने कहा कि उग्रवाद की समस्या केंद्र व राज्य सरकार दोनों के लिए बड़ी चुनौती है. ऐसी परिस्थिति में केन्द्रीय सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति के बदले भारत सरकार द्वारा राज्य सरकारों से राशि की मांग करना व्यवहारिक प्रतीत नहीं होता है. इस मद में झारखण्ड के विरुद्ध अबतक 10 हजार करोड़ रुपये का बिल गृह मंत्रालय द्वारा दिया गया है. मेरा अनुरोध होगा कि इन बिलों को खारिज करते हुए भविष्य में इस तरह का बिल राज्य सरकारों को नहीं भेजने का निर्णय भारत सरकार द्वारा लिया जाये.

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में योजनाएं अचानक बंद न हो

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर उग्रवाद के उन्मूलन हेतु कई योजनाएं लागू की गयी हैं. इन योजनाओं से विशेष लाभ भी मिला है, परन्तु ऐसा देखा गया है कि कुछ जिलों के लिए इन योजनाओं को अचानक बंद कर दिया गया, जिससे उग्रवाद उन्मूलन की दिशा में किये जा रहे प्रयासों को आघात पहुंचता है. अचानक इन योजनाओं को बंद कर देने से उग्रवाद को पुनः पैर पसारने का मौका मिल सकता है. इसी संदर्भ में विशेष केंद्रीय सहायता के तहत् प्रति जिला 33 करोड़ रुपये की राशि भारत सरकार द्वारा उपलब्ध करायी जाती है. प्रारम्भ में यह योजना 16 जिलों के लिए स्वीकृत की गयी थी, परन्तु इस वर्ष यह योजना मात्र 08 जिलों के लिए जारी रखी गयी है. इसी प्रकार एसआरई योजना से कोडरमा, रामगढ़ तथा सिमडेगा को बाहर कर दिया गया है. अतएव मेरा अनुरोध होगा कि दोनों योजनाओं को सभी नक्सल प्रभावित जिलों के लिए अगले पांच वर्षों तक जारी रखा जाय.

मनरेगा मजदूरी दर और पेंशन राशि बढ़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की दशा को सुधारने में मनरेगा एक कारगर उपाय है. मनरेगा झारखण्ड में बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है. परन्तु, झारखंड के श्रमिकों को जो मजदूरी दर मिल रही है, वह देश में सबसे कम है. अन्य राज्यों में 300 रु/दिन से ज्यादा मिल रही है. मगर झारखण्ड में 200रु. भी नहीं. हमने राज्य की निधि से मजदूरी बढ़ाने का निर्णय लिया है.

शिक्षा के लिए विद्यालयों की संख्या बढ़े

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 192 एकलव्य विद्यालय स्वीकृत किये गये हैं. इनमें से 82 उग्रवाद प्रभावित जिलों में स्थापित होंगे. मेरा अनुरोध होगा कि एकलव्य विद्यालय की स्वीकृति हेतु निर्धारित मापदंड में 50 प्रतिशत की शर्त को समाप्त किया जाए. ताकि आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्रों को इस योजना का लाभ मिल सके. झारखण्ड में 261 प्रखंड हैं, परन्तु मात्र 203 प्रखंडों में ही केंद्र सरकार की सहायता से कस्तूरबा विद्यालय का निर्माण किया गया. 57 विद्यालय राज्य सरकार अपनी निधि से प्रारंभ की है. राज्य की बेटियां इन विद्यालयों में नामांकन चाहती हैं. झारखण्ड जो सबसे ज्यादा नक्सल प्रभावित हैं, वहां 100 कस्तूरबा विद्यालयों के लिए केंद्र सरकार सहयोग करे. नक्सल विरोधी अभियान में हमारी सरकार एवं केन्द्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय हमेशा बना रहेगा और हम सब मिलकर इस युद्ध को अवश्य जीत पायेंगे.

इसे भी पढ़ें : गिरिडीह : जनता दल यूनाइटेड कार्य समिति की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष रहे मौजूद

Related Articles

Back to top button