
Ranchi : सीएम के सुरक्षा दस्ते का फरार अंगरक्षक राजू कुमार रांची पुलिस लाइन लौट आया है. पुलिस लाइन स्थित बैरक में रखे उसके बक्से से 9 एमएम का सरकारी पिस्टल व तीस गोली बरामद कर ली गई है. रांची की गोंदा थाना पुलिस ने उससे लंबी पूछताछ की.
राजू के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
राजू का पिछले कुछ दिनों से कुछ पता-ठिकाना नहीं था. वह बिना किसी जानकारी के गायब था. रांची के शस्त्रागार प्रभारी ने उसके खिलाफ पिस्टल व गोली लेकर फरार हो जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उसे लगातार ढूंढ रही थी.
कहा- पिता की मौत व पत्नी की बीमारी से परेशान था
पूछताछ के क्रम में राजू ने बताया है कि घर जाने के बाद अचानक उसके पिता का देहांत हो गया था, जिसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगा था. इसी दौरान उसकी पत्नी को भी गंभीर बीमारी हो गई जिससे वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा था. उसे यह समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति से कैसे निपटा जाए. यह भी बताया कि उसका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो चुका है. वह दूसरा नंबर इस्तेमाल कर रहा था. थाने की पुलिस ने जब उसके दूसरे नंबर पर संपर्क किया और बताया कि उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तो उसने खुद रांची लौटने की बात कही, जिसके बाद वह पुलिस लाइन पहुंचा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. खासकर यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतने दिनों तक ड्यूटी से फरार रहने की वजह क्या थी और राजू की मानसिक स्थिति कैसी है.
यह भी पढ़ें :कहानी एक सैनिक की चुनी हुई शहादत की




