ChatraCrime NewsJharkhand

चतरा: नक्सली कैंप ध्वस्त, भारी मात्रा में सामान जब्त

Chatra: जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के नक्सलियों को पुलिस ने बड़ा झटका दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए सघन छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक अखिलेश वी वारियर को मिले गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस व सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान सिमरिया थाना क्षेत्र के दासी पहाड़ी के समीप संचालित टीएसपीसी नक्सलियों के मिनी कैम्प को ध्वस्त किया गया है. इस दौरान पुलिस ने मौके से कैम्प में उपयोग के उद्देश्य से रखा गया भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है.

संयुक्त नेतृत्व में टीम का गठन

सिमरिया थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक अभियान निगम प्रसाद ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरिया व टंडवा थाना क्षेत्र के सीमा क्षेत्र पर स्थित कान्हूखाप, हेसातू, लोहरा, बकचूमा व अन्य गांव में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से नक्सलियों का दस्ता भ्रमणशील है. इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते एसपी ने सीआरपीएफ 190 बटालियन के समादेष्टा राजेश कुमार व टंडवा एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम के संयुक्त नेतृत्व में टीम का गठन का छापेमारी के निर्देश दिया. जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी के दौरान दासी पहाड़ी के समीप जंगली इलाकों में संचालित मिनी कैम्प को चिन्हित कर उसे ध्वस्त कर दिया.

जब्त सामान की सूची

एएसपी ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने मौके से पांच गैस सिलेंडर, चूल्हा, चार सोलर प्लेट, लैम्प, दो सेट नक्सली वर्दी, चार्जर, फ्राइंग पैन, चावल, नक्सल डायरी, पिट्ठू, मॉस्किटो क्वाइल और कुल्हाड़ी समेत अन्य उपयोग का सामान जब्त किया है. एएसपी ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को आता देख मौके पर मौजूद नक्सली जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे. अभियान में सिमरिया थाना प्रभारी शम्भू शरण दास, पुलिस निरीक्षक संजीत कुमार व पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत मंडल समेत सैट व सीआरपीएफ के अलावे सिमरिया व टंडवा थाना के जवान शामिल थे.

Related Articles

Back to top button