Uncategorized

बाटुल पर दबाव, सीएम ने बुलाया

रांची : भाजपा ने कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल पर पारा शिक्षक सोनी देवी की ओर से लगाये गये आरोप को गंभीरता से लिया है. पार्टी ने उन पर इस्तीफा देने का दबाव बनाया है.

मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने उनसे अकेले में मुलाकात की. सोनी देवी प्रकरण पर जानकारी ली. भाजपा के एक बड़े नेता का कहना है : पार्टी की छवि खराब हो रही है. मंत्री को अब इस्तीफा दे देना चाहिए.

पार्टी अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, प्रभारी हरेंद्र प्रताप और संगठन महामंत्री प्रसन्न मिश्र सहित कई पदाधिकारियों ने सोमवार को इस मसले पर विचार किया. बाटुल से सार्वजनिक रूप से स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया. बाटुल ने पार्टी से कहा है कि वह एक-दो दिनों में स्थिति स्पष्ट कर देंगे. उनके खिलाफ साजिश हो रही है. वह साजिश का खुलासा करेंगे.

देर शाम डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, हरेंद्र प्रताप और प्रसन्न मिश्र ने मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से मुलाकात की. सरकार और संगठन में समन्वय को लेकर मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक में बाटुल प्रकरण पर भी चर्चा हुई.

बैठक में मंत्री विमला प्रधान व सत्यानंद झा बाटुल को भी बुलाया गया था. बाटुल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे सरकार के कामकाज की जानकारी ली. हरेंद्र प्रताप ने कहा कि पार्टी दोनों पक्षों की बात सुनेगी. जो भी आगे होगा, समय पर बताया जायेगा. पार्टी के खिलाफ चल रहे अभियान को गंभीरता से लिया गया है. आरोप लगाने वाली महिला कोर्ट भी जा सकती है. उन्होंने कहा कि पार्टी पर सहयोगी दलों का दबाव नहीं है.

झामुमो ने भी सोनी देवी प्रकरण को लेकर भाजपा को घेरा है. संताल परगना में झामुमो के नेताओं-कार्यकर्ताओं ने मोरचा खोल दिया है. सड़क पर उतर आये. पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि बाटुल सरकार में मंत्री हैं. वह भाजपा के नेता हैं. पर मंत्री के नाते वह गंठबंधन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button