National

कार्ति चिदंबरम को सुप्रीम कोर्ट की फटकार- जांच में करें सहयोग, ईडी के सामने पेश होने का आदेश

New Delhi: सुप्रीम कोर्ट ने कार्ति चिदंबरम को फटकार लगाते हुए प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होने का निर्देश दिया है. एयरसेल-मैक्सिस केस में आरोपी और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम को 5, 6, 7 और 12 मार्च को पेश होने को कहा है. बुधवार (30 जनवरी) को शीर्ष अदालत ने कार्ति से कहा है कि वह प्रवर्तन निदेशालय की पूछताछ में सहयोग करें, अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो कोर्ट को सख्ती करनी पड़ेगी.

कानून से ना खेलें- सीजेआई

प्रधान न्‍यायाधीश रंजन गोगोई ने कार्ति को सख्त चेतावनी देते हुए कहा, “आप जहां जाना चाहें, जा सकते हैं. जो करना चाहें, कर सकते हैं मगर कानून से मत खेलिए. अगर जरा सा भी असहयोग हुआ तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.” सुप्रीम कोर्ट ने कार्ति के खातों से लेन-देन पर भी रोक लगा दी है.

सशर्त विदेश यात्रा को मंजूरी

सुप्रीम कोर्ट ने कार्ति चिदंबरम सख्त चेतावनी देने के साथ 5, 6, 7 और 12 मार्च को ED की पूछताछ में पेश होने का आदेश दिया है. इसके साथ ही कार्ति की विदेश यात्रा को सशर्त मंजूरी दी है. कोर्ट ने निर्देश दिया है कि विदेश जाने के लिए कार्ति चिदंबरम को रजिस्ट्री के साथ 10 करोड़ रुपये जमा कराने होंगे.

इससे पहले सोमवार को उच्चतम न्यायालय ने ईडी से वह तारीखें बताने को कहा था जिस दिन वो कार्ति चिदंबरम से पूछताछ करना चाहता हैं. ज्ञात हो कि पीठ कार्ति की उस याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें उन्होंने एक कंपनी द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंटों के लिए अगले कुछ महीनों के लिए फ्रांस, स्पेन, जर्मनी और ब्रिटेन जाने की अनुमति दिये जाने का अनुरोध किया था.
उल्लेखनीय है कि कार्ति के खिलाफ कई मामलों में ईडी और सीबीआई की जांच चल रही है. जिनमें 2007 में आईएनएक्स मीडिया को विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड की मंजूरी दिलाने और 2006 में एयरसेल-मैक्सिस मामले में कथित अनियमितता और धनशोधन का मामला शामिल है. ईडी ने सीबीआई की एफआईआर के आधार पर पीएमएलए यानी मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है.
बता दें कि पिछले साल सीबीआई ने उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. कार्ति चिदंबरम को 28 फरवरी, 2018 को गिरफ्तार किया गया था. बाद में उन्हें जमानत मिल गई.

इसे भी पढ़ेंः कोबरापोस्ट का दावाः DHFL ने किया 31,000 करोड़ का घोटाला, अवैध तरीके से BJP को दिया 20 करोड़ का चंदा

Related Articles

Back to top button