Uncategorized

नोबेल पुरस्कार विजेता सत्यार्थी एक करोड़ रुपये के संतोक बा ह्यूमैनेटेरियन अवार्ड से नवाजे गये

Ahmedabad : नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी को गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मानवाधिकारों की रक्षा के लिए एक करोड़  रुपये के संतोक बा ह्यूमैनेटेरियन अवार्ड से सम्मानित किया.  सूरत के संजीव कुमार सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में महामहिम के अलावा गुजरात के राज्‍यपाल ओपी कोहली और मुख्‍यमंत्री  विजय रुपाणी भी उपस्थित थे.  इस क्रम में इसरो के पूर्व अध्‍यक्ष पद्मश्री किरण कुमार को भी इस पुरस्कार से नवाजा गया. बता दें कि श्री सत्यार्थी ने यह पुरस्कार बच्चों को समर्पित करते हुए एक करोड़  रुपये सुरक्षित बचपन फंड को सौंप दिये. जान लें कि कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन फाउंडेशन द्वारा स्थापित सुरक्षित बचपन फंड का इस्तेमाल यौन शोषण और ट्रैफिकिंग के शिकार बच्चियों की कानूनी सहायता और पुनर्वास पर किया जाता है. इस अवसर पर कैलाश सत्‍यार्थी ने कहा, बच्‍चों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार, समाज, धार्मिक संगठन और व्‍यापारिक जगत सब को मिलकर काम करना होगा. हमलोग एकजुट नहीं होंगे तब तक यह महामारी नहीं रुकने वाली है. बच्‍चों का यौन शोषण एक महामारी है और इससे पूरा समाज प्रदूषित हो रहा है. पिछले साल हमने जो देशव्‍यापी भारत यात्रा निकाली उसके सकारात्‍मक परिणाम सामने आने लगे हैं.

इसे भी पढ़ें : लोकसभा-विधानसभा उपचुनाव, रिजल्ट ने विपक्ष के गुब्बारे में भरी हवा,  भाजपा पंक्चर

पुरस्कार हीरा कारोबारी गोविंद ढोलकिया की मां की स्‍मृति  दिया जाता है

संतोक बा ह्यूमैनेटेरियन अवार्ड हर साल श्रामकृष्ण फाउंडेशन द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को दिया जाता है.   फाउंडेशन के संस्थापक और अध्‍यक्ष मशहूर हीरा कारोबारी गोविंद ढोलकिया हैं.   यह पुरस्‍कार उनकी मां की स्‍मृति में 2007 से दिया जा रहा है.  इस पुरस्कार से रतन टाटा, दलाई लामा, सुधा मूर्ति, डा. एस स्‍वामीनाथन, सैम पित्रोदा और वर्गीज कुरियन सम्मानित हो चुके हैं. बता दें कि  कैलाश सत्यार्थी भारत में जन्मे ऐसे पहले भारतीय हैं जिन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.  मध्य प्रदेश के प्राचीन नगर विदिशा में 1954 में जन्मे श्री सत्यार्थी ने 1978 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की. कुछ वर्ष तक इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ाया.  लेकिन बच्चों पर हो रहा अन्याय उनसे देख न गया और  उन्होंने 1980 में बचपन बचाओ आंदोलन की नींव रखी. कैलाश सत्यार्थी के नेतृत्व में अब तक  86 हजार से अधिक बच्चों को बाल दासता से मुक्त करा कर उन्हें बेहतर जिंदगी देने का प्रयास किया गया है.  इस दौरान उन पर कई बार जानलेवा हमले भी हुए.

इसे भी पढ़ें- जनता ने रघुवर सरकार को नकारा, उपचुनाव में गोमिया-सिल्ली में हेमंत वाली विपक्ष काबिज, आजसू दोनों जगह चारों खाने चित

2000 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन को संबोधित किया था

 कैलास सत्यार्थी को नोबेल के अलावा अमेरिकी संसद का डिफेंडर फॉर डेमोक्रेसी सम्मान, इटली की संसद का हृयूमन राइट सिनेट मेडल’, अमेरिका का सर्वोच्च गैर-सरकारी नागरिक सम्मान केनेडी इंटरनेशनल ह्यूमन राइट अवार्ड, जर्मनी का फैड्रिक ईवर्ट सम्मान, स्पेन का लॉ हास्पेटिलेट अवार्ड, नीदरलैंड का गोल्डेन फ्लैग अवार्ड, अमेरिका का ट्रम्पीटर अवार्ड मिल चुका है. उन्हें हॉवर्ड विश्वविद्यालय द्वारा प्रसिद्ध हार्वर्ड ह्यूमेनिटेरियन अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है. कैलाश सत्यार्थी विश्व के पहले गैर-सरकारी व्यक्ति हैं जिन्होंने सन 2000 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन को संबोधित किया था.  उन्हें अमेरिका,  ब्रिटेन, जर्मनी, इटली आदि देशों की संसद को संबोधित करने का भी अवसर मिला है.  वे बाल मजदूरी और शिक्षा पर संयुक्त राष्ट्र संघ की कई महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य रहे हैं.  श्री सत्यार्थी के प्रयास से ही सन 1999 में अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) ने कनवेंशन-182 पारित किया था.  कनवेंशन-182 पूरी दुनिया में खतरनाक बाल मजदूरी, बाल दासता, वेश्यावृत्ति और युद्ध व आपराधिक कामों में 18 साल तक के बच्चों के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात करता है. कैलाश सत्यार्थी को भारत में बाल श्रम से मुक्त कराये गये बच्चों का पहला पुनर्वास केंद्र स्थापित करने का भी श्रेय जाता है. यह जानकारी परोमा भट्टाचार्य ने दी.

 न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button