
Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया वन स्थित रायबासा की सहायक शिक्षिका राधी पूर्ति से द्वितीय सेवा पुस्तिका बनाने को लेकर रिश्वत मांगने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है.
मामले को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ सरायकेला खरसावां द्वारा उठाए जाने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने अब तक गम्हरिया के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी कानन कुमार पात्रा पर कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लिया है.
उन्होंने स्वतःसंज्ञान लेते हुए आज अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ सरायकेला खरसावां के जिला महासचिव से संपर्क कर कार्रवाई नहीं होने के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने तत्काल उपायुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से स्थिति की गंभीरता को उठाया एवं इस संबंध में अब तक की गई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा.
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत के बाद अब तक नहीं की गई कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त किया. संगठन से बातचीत में उन्होंने ऐसी संवेदनहीन कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पीड़ित सहायक राधी पूर्ति से फोन पर संपर्क कर उन्हें हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें – Ranchi: फैंटम रेस्टोरेंट्स होगा सील, निगम ने चिपकायी गयी आदेश की कॉपी
यह है मामला
जानकारी के अनुसार शिक्षिका राधी पूर्ति की सेवा पुस्तिका वर्ष 2018-19 में गुम हो गयी थी. शिक्षिका ने 08 मई 2019 को इसकी सूचना प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी गम्हरिया को देते हुए द्वितीय सेवा पुस्तिका के लिये निवेदन किया था. शिक्षिका के अनुसार निरन्तर लंबे समय तक कार्यालय के चक्कर लगाते रहने के बाद भी उसे सेवा पुस्तिका नहीं मिली.
इस बीच उक्त कार्यालय के अनुसेवक गणेश कुमार गोप द्वारा उससे रिश्वत की मांग की गयी. परेशान शिक्षिका के पक्ष में प्राथमिक शिक्षक संघ भी आ गया. बीते मई को कुछ स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में यह खबर प्रमुखता के साथ छपी. शिक्षिका एवं अनुसेवक के मध्य फोन पर हुए ऑडियो क्लिप भी वायरल होने लगे.
अनुसेवक गणेश कुमार को करार दिया जा चुका है दोषी
इसके बाद प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी द्वारा अनुसेवक को पत्र के माध्यम से स्पष्टीकरण मांगा गया. पत्र के अनुसार अनुसेवक ने उक्त मामले पर अपनी अपराध स्वीकारा. इस मामले में क्षेत्रीय शिक्षा उनिदेशक कोल्हान प्रमंडल के ज्ञापक 437 दिनांक 17/6/21 में अनुसेवक गणेश कुमार गोप दोषी मानते हुए दो वार्षिक वेतनवृद्धि सचयात्मक प्रभाव से अवरुद्ध करते हुए कठोर चेतावनी दी गयी है.
इसे भी पढ़ें –पटना पुलिस ने ऑटो में लूटपाट करने वाले अपराधियों को किया गिरफ्तार




