JharkhandRanchi

आवासीय भवनों में कॉमर्शियल एक्टिविटीज रोकने के लिए चलेगा अभियान

5 फरवरी से निगम शुरू करेगा, “सफाई अपने घऱ से अभियान”

Ranchi : राजधानी को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम एक नया अभियान शुरू करने जा रहा है. अभियान का नाम “सफाई अपने घऱ से” रखा गया है. यह अभियान आगामी 5 फरवरी से शुरू होगा. हालांकि नाम से तो यह अभियान केवल सफाई कामों से जुड़ा दिखता है. लेकिन इसका उद्देश्य बहुउद्देशीय है.

इसके तहत राजधानी के कई इलाकों में बन रही अनाधिकृत संरचना, मवेशी पालन से हो रही दिक्कतें व इससे फैलनेवाली बीमारी सहित निजी आवास के ऊपर चल रही कॉमर्शियल गतिविधियों पर रोक लगाना है.

नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि यह अभियान राजधानी के लोगों के लिए है. जरूरी है कि लोग इससे जुड़ें और अभियान के तहत तीनों गतिविधियों की कोई जानकारी मिले, तो तत्काल 06512200011 पर इसकी जानकारी दें. निगम इस पर अगले 24 घंटे में कार्रवाई करेगा.

अनाधिकृत संरचना पर कार्रवाई अभियान का पहला हिस्सा

नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा है कि अभियान के पहले हिस्से में किसी के घऱ के आसपास बन रही अनाधिकृत संरचना पर कार्रवाई करना है. उन्होंने कहा है कि इसकी जानकारी लोग निगम को दे सकते हैं.

अनाधिकृत संरचना भविष्य में कई तरह की समस्याओं को खड़ा करती है. ऐसे में अगर किसी के घऱ के पास अनाधिकृत भवन, दुकानें बन रही हैं, तो सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर उसका पक्ष लेकर भवन को सील करने का काम करेगा.

मवेशी पालन से फैल रही गंदगी को रोकना अभियान का दूसरा हिस्सा

अभियान का दूसरा हिस्सा मवेशी पालन से फैलनेवाली गंदगी को रोकना है. नगर आयुक्त ने कहा कि कई बार लोगों की शिकायत होती है कि मवेशी पालन करनेवाले लोगों के द्वारा इलाके में काफी गंदगी फैलायी जाती है.

ऐसे में अगर किसी घऱ के आसपास कोई व्यक्ति अनाधिकृत रूप (निगम के लाइसेंस के बिना) मवेशी पालन कर रहे हैं, तो इसकी सूचना भी दें.

निजी आवास के ऊपर बने गेस्ट हाउस जैसी कॉमिर्शियल गतिविधि को रोकना तीसरा हिस्सा

निगम को यह भी शिकायत मिल रही है कि निगम क्षेत्र के भीतर कई लोगों ने आवासीय पर्पस (निजी आवास) के लिए बनाये भवनों के ऊपर कोई कॉमर्शियल संरचना बना रखी है. जैसे कि गेस्ट हाउस बना लिया है.

भवनों को अतिथिशाला में बदल दिया है. लेकिन उन्होंने इसकी सूचना निगम को नहीं दी है. न ही निगम से इस बाबत कोई लाइसेंस लिया है. इससे निगम को राजस्व की क्षति हो रही है. जानकारी मिलने पर निगम ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई करेगा.

Related Articles

Back to top button