
Ranchi: सेना में भर्ती योजना अग्निपथ के विरोध में विपक्ष ने आज (20 जून) को भारत बंद का एलान किया है. मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने घोषणा की है कि देशभर में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे. विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर सकते हैं. इससे आवागमन प्रभावित हो सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए घऱ से निकलने से पूर्व शहर की हालत की जानकारी ले लें. ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.
हालांकि, बंद के मद्देनजर प्रशासन व पुलिस पूरी तरह से चाक चौबंद हैं. रेल पुलिस व जीआरपी को अलर्ट मोड पर रखा गया है. अलग-अलग राज्य सरकारों ने स्थिति नियंत्रित रखने के लिए अपने स्तर से खास व्यवस्था की है. झारखंड में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है. पड़ोसी राज्य बिहार में बंद को ध्यान रखते हुए पुलिस बल की विशेष तौर पर तैनाती की गई है. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब में भी जोरदार प्रदर्शन की आशंका है. मालूम हो कि बिहार से ही अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन की शुरुआत हुई है. धीरे-धीरे देश के विभिन्न राज्यों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं. अब तक पांच राज्यों से 1238 गिरफ्तारियां हो चुकी है. सैकड़ों एफआइआर अलग-अलग थानों में दर्ज हुई है. इधऱ, सेना ने एक दिन पूर्व स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी स्थिति योजना को वापस नहीं लिया जाएगा.




