News wing
Bokaro 16 october: झामुमो मार्डी गुट का जरीडीह प्रखंड स्तरीय सम्मेलन कल्याणपुर में आयोजित हुआ. सम्मेलन में सभी वक्ता झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन व पूर्व सीएम हेमंत सोरेन पर जमकर बरसे. वक्ताओं ने कहा कि श्री सोरेन ने पार्टी और राज्य को बरबाद कर दिया है.
हेमंत व शिबू ने झारखंडियों के अरमानों के साथ खिलवाड़ किया है: लालू सोरेन
दोनों अपने मूल उद्देश्यों से भटक गए हैं. मार्डी गुट के संयोजक सह शिबू सोरेन के भाई लालू सोरेन ने कहा कि हेमंत व शिबू ने झारखंडियों के अरमानों के साथ खिलवाड़ किया है. सत्ता में रहते दोनों ने न तो राज्य हित में कुछ किया, न ही झारखंड आंदोलनकारियों के परिजनों की कोई चिंता की.
जिन आंदोलनकारियों के दम पर अलग राज्य मिला, उनकी उपेक्षा दुखद है: बेनीलाल महतो
श्री सोरेन ने कहा कि झामुमो सोरेन गुट को कुछ स्वार्थी लोगों ने हाई जैक-सा कर लिया है. शिबू व हेमंत को अच्छे-बुरे की पहचान नहीं रह गई है. संयोजक मंडली के सदस्य बेनीलाल महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों व उनके परिजनों को सम्मान व न्याय दिलाने के लिए मार्डी गुट हर स्तर की लड़ाई लड़ेगा. श्री महतो ने कहा कि जिन आंदोलनकारियों की लड़ाई व शहादत के दम पर अलग राज्य मिला, उनकी उपेक्षा दुखद है.
स्थानीय नीति झारखंडियों के साथ धोखा: श्री महतो
राज्य सरकार के लिए यह शर्म की बात होनी चाहिए. श्री महतो ने स्थानीय नीति की चर्चा करते हुए कहा कि मौजूदा स्थानीय नीति झारखंडियों के साथ धोखा है. 1932 के खतियान के आधार पर ही स्थानीय नीति स्वीकार्य किया जाएगा. इसके लिए पूरे राज्य में आंदोलन तेज करेंगे. सम्मेलन में धनबाद के पूर्व सांसद कामरेड एके रॉय पर हुए हमले की कड़ी निंदा की गई. सम्मेलन की अध्यक्षता भीमनाथ मांझी व संचालन सोमर मुंडा ने किया.
सम्मेलन में काफी संख्या में पहुंचे लोग
सम्मेलन में सलीमुद्दीन अंसारी उर्फ छोटू खान, दिगंबर महतो, एकरामुल हक, धनेश्वर महतो, नंदलाल महतो, लखनलाल महतो, कृष्णा थापा, रथु सिंह, अनूप कुमार पांडेय, महेश्वर मुर्मू, रामप्रसाद मांझी, मंसू मांझी, जलेश्वर मांझी, शिवनारायण महतो, मालती देवी, खड़री देवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.




