
Ranchi: कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए झारखंड में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. गुरुवार से मास्क को लेकर राजधानी रांची सहित झारखंड के अन्य शहरों में जोरदार चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है. मास्क नहीं पहनने वालों का फाइन भी काटा जा रहा है.
इसके बावजूद राजधानी रांची में मास्क को लेकर घोर लापरवाही देखने को मिल रही है. अब तो पुलिस वाले लोगों को हाथ जोड़कर सड़कों पर मास्क पहनने के लिए समझाते नजर आ रहे हैं.
तस्वीर में जो नजारे आप देख रहे हैं, वह राजधानी रांची के सड़कों का है. राजधानी में लोग मास्क को लेकर घोर लापरवाही बरतते नजर आ रहे हैं. पुलिस वाले हों या फिर, छात्र या फिर दूसरे लोग, सभी बिना मास्क के ही सड़कों पर नजर आ रहे है. बिना मास्क लगातार लोग सड़क पर निकल रहे हैं. इन सब से परेशान होकर ट्रैफिक पुलिस अब मास्क को लेकर फाइन काटना छोड़ हाथ जोड़कर लोगों को समझाने में लगी है. आलम यह है कि जिन पुलिस वाले को ऊपर लोगों को मास्क पहनने के लिए समझाने की जिम्मेवारी दी गई है वे भी बिना मास्क सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं.
कोरोना संक्रमण एक बार फिर से भयावह रूप लेने लगा है. कोरोना संक्रमण की अनदेखी ना हो, इसके लिए सरकार ने समय-समय पर कड़े कदम उठाये हैं. हमेशा सोशल डिस्टैंसिंग सहित मास्क पहनने और हाथों को सैनिटाइज करने को कहा जाता है. लेकिन, पिछले कुछ समय से लोग इन नियमों का पालन करने में कोताही बरत रहे हैं. यही कारण है कि झारखंड में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है. कोरोना संक्रमण से लोगों की जान जा रही है लेकिन सड़कों पर लोगों को देख कर लग रहा है कि उन्हें कोरोना से जरा भी भय नहीं है.




