
Ranchi: सिमडेगा में एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में नेशनल सब जूनियर महिला हॉकी टीम चैंपियनशिप में तीसरा दिन झारखंड के लिए खुशखबरी लेकर आया. झारखंड टीम ने महाराष्ट्र को 10-0 से हरा दिया. इससे वह लगातार आठवीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंच गयी.
शुक्रवार को चार मैच खेले गये. हॉकी हरियाणा ने हॉकी उत्तराखंड को 19 -0 से पराजित किया. दूसरे में हॉकी चंडीगढ़ और हॉकी बिहार का मैच 2-2 गोल की बराबरी पर रहा. हॉकी पंजाब ने हॉकी मध्य प्रदेश को 6-1 से हरा कर पूरे अंक दर्ज किया. झारखंड टीम ने महाराष्ट्र को हरा कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी.
इसे भी पढ़ें : राज्य में अब 1000 स्क्वायर मीटर से छोटे प्लॉट पर भी बन सकेंगी हाइराईज बिल्डिंग
इन खिलाड़ियों ने किये गोल
मैच में झारखंड की ओर से फुलमनी भेंगरा ने तीन गोल, पूर्णिमा ने 2, मेनीराली कुजुर, स्वीटी डुंगडुंग, इडलिन बागे, बिनीमा धान एवं अनुप्रिया सोरेंग ने 1-1गोल किए.
जनप्रतिनिधियों ने बढाया उत्साह
झारखंड की टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा के विधायक बिक्सल कोंगड़ी, पूर्व विधायक विमला प्रधान, सिमडेगा डीसी सुशांत गौरव, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों सहित कई अन्य विशिष्ट लोग भी उपस्थित थे.

झारखंड की टीम के साथ साथ महाराष्ट्र की टीम को सबों ने मैच के बाद मैदान में जाकर बधाई दी. झारखंड की टीम के लिए फाइनल तक का सफर तय करने के लिए शुभकामनाएं भी दी.
इसे भी पढ़ें : राज्य में शनिवार को भी तेज हवा के साथ वज्रपात और बारिश संभव




